आयुष पीजी: एआईएपीजीईटी काउंसलिंग का शेड्यूल जारी, कब से करना है आवेदन? यहां देखें का पूरा कार्यक्रम
एआईएपीजीईटी काउंसलिंग 2026 का शेड्यूल जारी हो गया है। आयुष के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए पहले राउंड का पंजीकरण 26 अक्तूबर से शुरू होगा। दूसरे और तीसरे राउंड के साथ दो स्ट्रे वैकेंसी राउंड भी आयोजित होंगे। जानिए रजिस्ट्रेशन, कॉलेज चुनने, सीट आवंटन और संस्थान में रिपोर्टिंग की सभी जरूरी तारीखें, ताकि दाखिले की प्रक्रिया में कोई महत्वपूर्ण मौका न छूटे।
विस्तार
आयुष एडमिशन सेंट्रल काउंसलिंग कमेटी (एएसीसीसी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एंट्रेंस टेस्ट (एआईएपीजीईटी) काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके अनुसार, पहले राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन और फीस जमा करने की प्रक्रिया 26 अक्तूबर से शुरू होगी। उम्मीदवार 1 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।
पहले राउंड का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट 3 नवंबर 2026 को जारी किया जाएगा। जिन उम्मीदवारों को सीट मिलेगी, उन्हें 4 से 13 नवंबर के बीच संबंधित संस्थान में जाकर रिपोर्ट करना होगा।
काउंसलिंग के इस शेड्यूल में तीन नियमित राउंड और दो स्ट्रे वैकेंसी राउंड शामिल हैं। इनके जरिए सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, केंद्रीय विश्वविद्यालयों, राष्ट्रीय संस्थानों और डीम्ड विश्वविद्यालयों की सीटों पर दाखिला दिया जाएगा। एएसीसीसी, एआईएपीजीईटी के आधार पर आयुष के पोस्ट ग्रेजुएट पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए काउंसलिंग कराता है। उम्मीदवार काउंसलिंग से जुड़ी पूरी जानकारी और आगे के अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट aaccc.gov.in पर जा सकते हैं।
AIAPGET काउंसलिंग 2026: पहले राउंड का शेड्यूल
AACCC के जारी शेड्यूल के अनुसार, उम्मीदवार 27 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स चुन सकेंगे। उम्मीदवारों को 1 नवंबर को दोपहर 2 बजे से रात 11:55 बजे तक अपनी पसंद लॉक करने का मौका मिलेगा।
| कार्यक्रम | तारीखें |
| संभावित सीट मैट्रिक्स का सत्यापन | 24 से 25 अक्तूबर 2026 |
| पंजीकरण और भुगतान | 26 अक्तूबर से 1 नवंबर 2026, दोपहर 2 बजे तक |
| विकल्प भरना और लॉक करना | 27 अक्तूबर से 1 नवंबर 2026, रात 11:55 बजे तक |
| सीट आवंटन प्रक्रिया | 2 नवंबर 2026 |
| राउंड 1 का परिणाम | 3 नवंबर 2026 |
| आवंटित संस्थान में रिपोर्टिंग | 4 से 13 नवंबर 2026 |
| शामिल हुए उम्मीदवारों के डेटा का सत्यापन | 14 नवंबर 2026 |
AIAPGET आयुष काउंसलिंग 2026: दूसरे और तीसरे राउंड की तारीखें
दूसरा राउंड: दूसरे राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन और फीस जमा करने की प्रक्रिया 16 से 19 नवंबर 2026 तक चलेगी। उम्मीदवार 17 से 19 नवंबर तक अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स चुनकर लॉक कर सकेंगे। सीट अलॉटमेंट का रिजल्ट 21 नवंबर को जारी होगा। जिन उम्मीदवारों को सीट मिलेगी, उन्हें 22 से 26 नवंबर के बीच संबंधित संस्थान में रिपोर्ट करना होगा।
तीसरा राउंड: तीसरे राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन और फीस जमा करने की प्रक्रिया 1 से 3 दिसंबर 2026 तक होगी। इसी दौरान उम्मीदवार कॉलेज और कोर्स के विकल्प भी भरकर लॉक कर सकेंगे। सीट अलॉटमेंट का रिजल्ट 5 दिसंबर को जारी किया जाएगा। सीट पाने वाले उम्मीदवारों को 6 से 10 दिसंबर के बीच आवंटित संस्थान में रिपोर्ट करना होगा।
| प्रक्रिया / कार्यक्रम | राउंड 2 (Round 2) | राउंड 3 (Round 3) |
| पंजीकरण और फीस भुगतान | 16 से 19 नवंबर | 1 से 3 दिसंबर |
| कॉलेज/विषय चुनना और लॉक करना | 17 से 19 नवंबर | 1 से 3 दिसंबर |
| सीट आवंटन प्रक्रिया | 20 नवंबर | 4 दिसंबर |
| परिणाम (Result) | 21 नवंबर | 5 दिसंबर |
| कॉलेज में रिपोर्टिंग / दाखिला | 22 से 26 नवंबर | 6 से 10 दिसंबर |
कमेंट
कमेंट X