{"_id":"6b06bf9b7511d8b328098e87","slug":"public-relations-through-stories-in-the-up-elections-2026-11-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"धार्मिक आयोजनों में योगी-अखिलेश: यूपी चुनाव में कथाओं के जरिये जनसंपर्क, सोशल मीडिया से प्रचार की तैयारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
धार्मिक आयोजनों में योगी-अखिलेश: यूपी चुनाव में कथाओं के जरिये जनसंपर्क, सोशल मीडिया से प्रचार की तैयारी
Wed, 25 Nov 2026 04:30 PM IST
अनुज कुमार
हिमांशु अरविंद मिश्र, नई दिल्ली
हिमांशु अरविंद मिश्र, नई दिल्ली
Published by: अनुज कुमार
Updated Wed, 25 Nov 2026 04:30 PM IST
यूपी चुनाव के लिए दलों ने अपनी चुनावी रणनीति बदल दी है। अब नेता धार्मिक आयोजनों और कथाओं के माध्यम से जनता तक पहुंच रहे हैं। वे सोशल मीडिया और यूट्यूबरों का उपयोग कर अपनी चुनावी पहुंच बढ़ाएंगे।
विज्ञापन
यूपी चुनाव में कथाओं के जरिये जनसंपर्क
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी अब रैलियों और बूथ प्रबंधन तक सीमित नहीं है। नेता रामकथा, भागवत कथा और शिव महापुराण जैसे धार्मिक आयोजनों में पहुंचकर लोगों से जुड़ रहे हैं। राजनीतिक दल स्थानीय यूट्यूबरों और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों के जरिये अपनी बात जनता तक पहुंचाने की तैयारी कर रहे हैं। मकसद धार्मिक आयोजनों से मिली पहचान को सोशल मीडिया के जरिए ज्यादा लोगों तक पहुंचाना है।
विज्ञापन
1 जून से 23 नवंबर के बीच उत्तर प्रदेश के 13 जिलों में नेताओं की मौजूदगी या मेजबानी में 16 धार्मिक कथाएं हुईं। इनमें 64 से ज्यादा बड़े नेता शामिल हुए। बलिया में तीन और गोंडा में दो कथाएं आयोजित की गईं। इन आयोजनों से नेताओं को स्थानीय लोगों और धार्मिक संगठनों तक पहुंच बनाने का मौका मिल रहा है। प्रतापगढ़ के कुंडा में 17 नवंबर से शुरू हुई रामकथा के बाद विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के इंस्टाग्राम पर 3,97,792 नए फॉलोअर जुड़े। कथा में पहुंचे जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह के 23,831 और पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के 17,505 फॉलोअर बढ़े।
विज्ञापन
धार्मिक आयोजनों में योगी-अखिलेश
गोंडा के जयप्रभाग्राम में 17 से 25 नवंबर तक रामकथा चल रही है। आयोजकों का दावा है कि इसमें ढाई लाख से ज्यादा लोग पहुंचे। कटरा बाजार से भाजपा विधायक बावन सिंह 4 से 6 दिसंबर तक रामकथा और दिव्य दरबार कराने की तैयारी में हैं।
विज्ञापन
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को बुलाया है। इससे पहले सितंबर में रायबरेली के ऊंचाहार में कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने सात दिन की शिव महापुराण कथा कराई थी। इसमें मुख्यमंत्री योगी और दोनों उपमुख्यमंत्री शामिल हुए थे। अक्तूबर में अयोध्या में पूर्व विधायक पवन पांडेय की भागवत कथा में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पहुंचे थे।
स्थानीय चेहरे बन रहे प्रचार का माध्यम
डिजिटल प्रचार में भी स्थानीय इन्फ्लुएंसरों की भूमिका बढ़ रही है। लखनऊ के एक इंस्टाग्राम पेज संचालक ने बताया कि वह एक मिनट की प्रचार रील बनाने के 15 हजार रुपये तक लेते हैं। उनके पेज पर 1.86 लाख फॉलोअर हैं। एक अन्य संचालक 2027 के चुनाव के लिए एक राजनीतिक दल से बातचीत कर रहे हैं। वहीं, दो लाख से अधिक फॉलोअर वाले एक डिजिटल क्रिएटर के मुताबिक, सरकार बड़े आयोजनों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार के लिए इन्फ्लुएंसरों से संपर्क कर रही है।
