{"_id":"6b015427cea3108f6b0e7ab9","slug":"deo-ki-dairy-satir-vande-bharat-train-and-railway-station-2026-11-21","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"देव की डायरी: अब हम दूर से सिर्फ हाथ हिलाएंगे, अंदर नहीं जाएंगे!","category":{"title":"Blog","title_hn":"अभिमत","slug":"blog"}}
देव की डायरी: अब हम दूर से सिर्फ हाथ हिलाएंगे, अंदर नहीं जाएंगे!
कानपुर की घटना के बाद रेलवे को अब ‘रिश्तेदार विदाई टिकट’ शुरू कर देना चाहिए। आखिर बारह लोग अपने रिश्तेदारों को ट्रेन में बैठाने आए थे, खुद इटावा पहुंचने का उनका कोई पारिवारिक कार्यक्रम नहीं था। लेकिन वंदे भारत के ऑटोमैटिक दरवाजों ने रिश्तेदारी का दायरा डेढ़ सौ किलोमीटर तक बढ़ा दिया।
ऊपर से इटावा में प्रति व्यक्ति तीन हजार रुपये का जुर्माना! यानी रिश्तेदार को विदा करने की फीस अलग और खुद विदा होकर लौटने की सजा अलग। नया टिकट लेने वाले को सिर्फ प्लेटफॉर्म पर खड़े होकर हाथ हिलाने का अधिकार मिले। ट्रेन में गलती से चढ़ जाने पर रेलवे उसे यात्री न माने, बल्कि रिश्तेदारी निभाने आया हुआ व्यक्ति समझे। आखिर हर रिश्तेदार की मंजिल इटावा तो नहीं हो सकती!
विज्ञापन
‘रिश्तेदार विदाई टिकट’
- फोटो : Amarujala.com/AI
विस्तार
हमारे यहां रिश्तेदारों को स्टेशन छोड़ने जाने की परंपरा है। यह भारतीय पारिवारिक संस्कृति का एक महत्वपूर्ण संस्कार है। इसमें प्रेम कम और जिम्मेदारी अधिक होती है। रिश्तेदार ट्रेन में बैठ जाए, उसका सामान सीट के नीचे चला जाए, पानी की बोतल खिड़की के पास रख दी जाए और ट्रेन चलने से पहले उसे कम से कम पांच बार हिदायत दे दी जाए कि पहुंचकर फोन करना। इसके बाद प्लेटफॉर्म पर खड़े होकर हाथ हिलाना भी जरूरी है। हाथ तब तक हिलना चाहिए, जब तक रिश्तेदार और उसकी ट्रेन दोनों आंखों से ओझल न हो जाएं। इस पूरी प्रक्रिया में उसे यह भरोसा रहता है कि रिश्तेदार जा रहे हैं और वह घर लौट रहा है।
विज्ञापन
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर यह भरोसा टूट गया। वहां कुछ दिन पहले कुछ लोगों के साथ जो हुआ, उससे लगता है कि रेलवे ने इस पारिवारिक संस्कार को एक नई ऊंचाई दे दी है। बारह लोग अपने रिश्तेदारों को वंदे भारत एक्सप्रेस में बैठाने आए थे। उन्हें क्या मालूम था कि रेलवे उन्हें इतनी जल्दी विदा नहीं करने वाला। ट्रेन के ऑटोमैटिक दरवाजे बंद हुए और वे बारहों सज्जन, महिलाएं और बच्चे ट्रेन के भीतर ही रह गए। अभी वे कुछ समझ पाते, उससे पहले ट्रेन चल पड़ी। रिश्तेदार अपनी यात्रा पर थे और वे लोग अपनी अनैच्छिक यात्रा पर। करीब डेढ़ सौ किलोमीटर बाद इटावा में ट्रेन रुकी तो उन्हें उतरने का अवसर मिला। रेलवे ने रिश्तेदारी निभाने के इस छोटे से दायित्व को डेढ़ सौ किलोमीटर का दंड बना दिया।
विज्ञापन
कहानी का असली स्टेशन इटावा था !
इटावा पहुंचने पर उन यात्रियों को लगा होगा कि अब रेलवे अपनी गलती समझकर उन्हें सम्मानपूर्वक विदा करेगी। आखिर वे कोई जानबूझकर बिना टिकट यात्रा करने वाले लोग तो थे नहीं। वे तो अपने रिश्तेदारों को बैठाने आए थे। लेकिन वहां आरपीएफ ने उन्हें एक दूसरी ही जानकारी दी। उनके पास प्लेटफॉर्म टिकट नहीं था। लिहाजा प्रति व्यक्ति तीन हजार रुपये के हिसाब से कुल छत्तीस हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
विज्ञापन
व्यवस्था का हिसाब देखिए। दरवाजा बंद हुआ तो मशीन की मजबूरी थी। ट्रेन चली तो रेलवे की प्रक्रिया थी। लोग उतर नहीं पाए तो तकनीकी स्थिति थी। लेकिन इटावा पहुंचकर जुर्माना लगा तो कानून की सख्ती थी। हर जगह व्यवस्था के पास अपने पक्ष में एक तर्क था। केवल उन बारह लोगों के पास कोई तर्क नहीं था। उनके पास सिर्फ एक बात थी कि वे यात्री नहीं थे। वे समझ नहीं पाए कि उन्होंनेे यात्रा अपने लिए की या अपने रिश्तेदारों के लिए। रेलवे ने यात्रा को तेज कर दिया है। दरवाजों को स्वचालित कर दिया है। टिकटों को डिजिटल बना दिया है। लेकिन एक छोटी-सी सुविधा अभी बाकी है।
किसी आदमी को अनजाने में यात्री बना देने से पहले उससे पूछ लिया जाए कि उसे जाना कहां है। क्योंकि किसी को विदा करने और खुद विदा हो जाने के बीच का अंतर केवल एक बंद दरवाजे का नहीं, आदमी की इच्छा का भी है। रिश्तेदारों को ट्रेन में बैठाने जाना भारतीय संस्कृति का ऐसा संस्कार है, जिसका कोई लिखित विधान नहीं है, फिर भी पालन लगभग हर परिवार में होता है। इसे हम छोड़ नहीं सकते।
रिश्तेदारी को थोड़ी दूर तक आगे बढ़ाइए !
यहां रेलवे की व्यवस्था का एक अद्भुत संतुलन दिखाई देता है। ट्रेन का दरवाजा बंद होने से यदि कोई व्यक्ति अनचाहे भीतर रह जाता है तो उसे बाहर निकालने की जिम्मेदारी तकनीक की है। लेकिन वह तकनीक उसे डेढ़ सौ किलोमीटर दूर पहुंचा दे तो उसकी जिम्मेदारी यात्री की है। दरवाजा बंद होने की गलती मशीन की हो सकती है, लेकिन प्लेटफॉर्म टिकट न होना आदमी की गलती है। मशीन के पास विवेक हो या न हो, नियम के पास पूरा विवेक है।
वंदे भारत देश की आधुनिक रेल व्यवस्था का प्रतीक है। उसके दरवाजे अपने आप खुलते और बंद होते हैं। उसकी गति तेज है, सुविधाएं आधुनिक हैं और तकनीक पर भरोसा किया जा सकता है। वंदे भारत ने उनकी रिश्तेदारी निभाने की भावना का कुछ ज्यादा ही सम्मान कर दिया। उन्हें विदा करने के बजाय अपने साथ ही लेती चली गई। उन्हें शायद लगा होगा कि रिश्तेदारों को विदा करने के लिए रेलवे ने कोई नई सुविधा शुरू की है। अब प्लेटफॉर्म पर खड़े होकर हाथ हिलाने की जरूरत नहीं। आप भी साथ चलिए और रिश्तेदारी को थोड़ी दूर तक आगे बढ़ाइए।
एक नया टिकट हो- ‘रिश्तेदार विदाई टिकट’
इटावा में जब आरपीएफ ने उनका स्वागत किया तो उन बारह लोगों को यह पता चला कि रिश्तेदारों को ट्रेन में बैठाने के लिए प्लेटफॉर्म टिकट लेना जितना जरूरी है, उससे कहीं ज्यादा जरूरी है ट्रेन के दरवाजे से बाहर निकलने का ज्ञान होना। रेलवे का तर्क भी अपनी जगह बिल्कुल सही है। नियमों की अपनी एक विशेषता होती है। वे घटना के पहले भी उतने ही मजबूत होते हैं, जितने घटना के बाद। आदमी किसी परिस्थिति में क्यों फंसा, किसकी गलती से फंसा और उसे बाहर निकलने का अवसर मिला या नहीं, ये सब बातें नियमों की किताब में शायद अलग-अलग अध्यायों में हों। लेकिन जुर्माना वसूलने के समय उनका उल्लेख आवश्यक नहीं समझा जाता। बिना प्लेटफॉर्म टिकट स्टेशन पर प्रवेश करना नियम के विरुद्ध है।
अब इस घटना के बाद रेलवे को एक नई श्रेणी का टिकट शुरू करना चाहिए- रिश्तेदार विदाई टिकट। इसमें यात्री को ट्रेन में चढ़ने की अनुमति नहीं होगी, लेकिन यदि ऑटोमैटिक दरवाजा उसे भीतर खींच ले तो उसकी जिम्मेदारी रेलवे की होगी। साथ में एक दूसरा टिकट भी होना चाहिए- ‘गलती से यात्री बन गए टिकट।’ इस टिकट के सहारे आदमी अपनी मंजिल पर पहुंचकर बिना जुर्माना दिए बाहर निकल सकेगा।
फिर तो हम दूर से ही हाथ हिला देंगे !
वंदे भारत की तकनीक बहुत आगे निकल गई है। दरवाजे अपने आप खुलते हैं औरअपने आप बंद होते हैं। बस एक सुविधा की कमी है। दरवाजा बंद होने से पहले उसे यह पूछ लेना चाहिए कि आप यात्री हैं या यात्री के रिश्तेदार? क्योंकि हमारे देश में दोनों के बीच बहुत बड़ा अंतर है। यात्री यात्रा करने आता है और रिश्तेदार विदा करने। दोनों को एक ही डिब्बे में बंद कर देना तकनीकी प्रगति तो हो सकती है, सामाजिक प्रगति नहीं। अब कानपुर के इन बारह लोगों को घर लौटकर क्या जवाब देना पड़ा होगा? रिश्तेदार पूछते होंगे कि आप हमें छोड़ने आए थे या खुद इटावा घूमने चले गए थे? और घर में जब छत्तीस हजार रुपये के जुर्माने की चर्चा हुई होगी तो किसी ने जरूर कहा होगा कि इतनी रकम में तो रिश्तेदारों को हवाई जहाज से विदा किया जा सकता था।
रिश्तेदारी निभाने का इतना महंगा अनुभव शायद ही किसी को हुआ हो। अब लोग रिश्तेदारों को स्टेशन छोड़ने जाएंगे तो पहले यह जरूर देखेंगे कि दरवाजा खुला है या रिश्तेदारी का खर्चा बढ़ने वाला है! हो सकता है, अब तो स्टेशन पर विदाई के समय लोग यही कहेंगे-“आप आराम से जाइए, हम यहीं से हाथ हिला देंगे। रिश्तेदारी अपनी जगह है, लेकिन छत्तीस हजार रुपये बहुत बड़ी चीज है!” लेकिन इससे रिश्तेदारों को स्टेशन छोड़ने जाने की हमारी दशकों पुरानी परंपरा का क्या होगा?
--------------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।
