Live
PM Modi in Bihar Live: पीएम मोदी पहुंचे पटना एयरपोर्ट, नीतीश कुमार समेत कई दिग्गज स्वागत में खड़े हैं
PM Modi Bihar Visit Live Updates in Hindi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को वैशाली से बिहार को कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। गंगा पर बने नीतीश सेतु का लोकार्पण भी होगा। इसके अलावा सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और शहरी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं की शुरुआत होगी। पीएम मोदी पटना एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं आइये जानते हैं क्या-क्या हो रहा है?
लाइव अपडेट
पटना एयरपोर्ट पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वायुसेना के विशेष विमान से पटना एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, एनडीए के कई मंत्री, विधायक और वरिष्ठ मंत्री समेत कई दिग्गज उनके स्वागत में खड़े हैं। यहां से अगर मौसम ठीक रहा तो वह चॉपर से वैशाली रवाना होंगे। पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।करीब 20 लाख वर्गफीट में तैयार किया गया है कार्यक्रम स्थल
वैशाली के राजापाकर प्रखंड स्थित जाफरपट्टी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रधानमंत्री आज लोकतंत्र की धरती से करीब 34 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। खासकर महिलाओं में प्रधानमंत्री को देखने और सुनने के लिए खासा उत्साह नजर आ रहा है। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम के लिए पांच भव्य पंडाल बनाए हैं, जिनमें डेढ़ लाख से अधिक कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। करीब 20 लाख वर्गफीट में तैयार कार्यक्रम स्थल पर सैकड़ों एलईडी स्क्रीन, 500 से अधिक शौचालय और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में नीतीश सेतु का उद्घाटन और इंडस्ट्रियल पार्क का शिलान्यास प्रमुख आकर्षण होंगे। सुरक्षा के मद्देनजर वैशाली समेत राज्य के विभिन्न जिलों से हजारों पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की तैनाती की गई है।पटना एयरपोर्ट पर एनडीए नेताओं का जुटना शुरू, नीतीश भी पहुंचे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर पटना एयरपोर्ट पर एनडीए नेताओं का जुटना शुरू हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, सांसद संजय झा और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता एयरपोर्ट पहुंच गए हैं। यहां प्रधानमंत्री के आगमन पर उनका स्वागत किया जाएगा। पीएम मोदी सेना के विशेष विमान से दोपहर करीब 12:45 बजे पटना पहुंचने वाले हैं। इस दौरान नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री की मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
PM Modi Bihar Visit Live: प्रशांत किशोर ने पीएम मोदी पर बोला हमला
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे और नीतीश सेतु के उद्घाटन को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को बिहार की जितनी चिंता करनी चाहिए, उतना फोकस नहीं दिखता है। नीतीश सेतु के उद्घाटन को अच्छी बात बताते हुए उन्होंने कहा कि इस पुल का कॉन्ट्रैक्ट 2014 से पहले का है और इसका पूरा श्रेय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मिलना चाहिए। वहीं, उन्होंने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि पिछले 12 वर्षों में बिहार प्रति व्यक्ति आय, जीडीपी में योगदान और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में दूसरे राज्यों की तुलना में कब आगे बढ़ेगा? राज्य से पलायन कब रुकेगा और बाढ़ की समस्या से लोगों को राहत कब मिलेगी? पीके ने कहा कि नीतीश कुमार के नाम पर सेतु का नामकरण करने के बजाय सरकार उनके सात निश्चय को ईमानदारी से लागू करती तो यह उनके लिए ज्यादा सम्मान की बात होती।
PM Modi Bihar Visit Live: पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार करेंगे पीएम मोदी का स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर पटना एयरपोर्ट पर विशेष तैयारियां की गई हैं। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे और उनकी अगवानी करेंगे। इस दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात भी होगी। यहां पर सीएम सम्राट चौधरी समेत कई वरिष्ठ मंत्री और नेता मौजूद रहेंगे। पीएम मोदी के आगमन को देखते हुए एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बिहार दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार की इस मुलाकात पर राजनीतिक गलियारों की खास नजर रहेगी।
PM Modi Bihar Visit Live: 14,450 करोड़ की नई परियोजनाओं का होगा शिलान्यास
PM Modi Bihar Visit Live: सड़क और बिजली क्षेत्र में कई बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत
प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। सड़क निर्माण से जुड़ी योजनाओं में औरंगाबाद-चोरदाहा एनएच-19 खंड, चोरमा-बैरगनिया एनएच-227एफ और उमगांव-सहरसा एनएच-327 के छह लेन निर्माण से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं। ऊर्जा क्षेत्र में बक्सर ताप विद्युत परियोजना की दूसरी यूनिट का उद्घाटन भी प्रस्तावित है। इसकी उत्पादन क्षमता 660 मेगावाट है। इसके साथ ही बिजली वितरण और पारेषण व्यवस्था को बेहतर बनाने वाली योजनाओं की भी शुरुआत होगी। पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना के तहत 1,130 करोड़ रुपये से अधिक के काम भी इनमें शामिल हैं। इसके अलावा नवादा के फुलवरिया बांध में फ्लोटिंग सोलर परियोजना, नहरों और तटबंधों के जीर्णोद्धार तथा कहलगांव में सीवरेज व्यवस्था से जुड़ी योजनाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल और प्रशासनिक सुविधाओं से संबंधित कई भवनों और संस्थानों को भी जनता को समर्पित किया जाएगा।
