बिहार न्यूज: पीपल के पत्ते पर पीएम मोदी, सम्राट और नीतीश की तस्वीर, पांच घंटे में बनाई अनोखी कलाकृति
अंतरराष्ट्रीय लीफ आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने नीतीश सेतु के उद्घाटन के अवसर पर पांच सेंटीमीटर के पीपल के पत्ते पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर बनाई है। इसे तैयार करने में करीब पांच घंटे लगे।
विस्तार
अंतरराष्ट्रीय लीफ आर्टिस्ट और विश्व प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने अपनी अनूठी कला से एक बार फिर लोगों को हैरान कर दिया है। नीतीश सेतु के उद्घाटन के अवसर पर उन्होंने महज पांच सेंटीमीटर के हरे पीपल के पत्ते पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बेहद सूक्ष्म तस्वीरें उकेरी हैं। इस खास कलाकृति के जरिए उन्होंने तीनों नेताओं का अनोखे अंदाज में स्वागत किया है। पत्ते पर अंग्रेजी में 'WELCOME TO BIHAR' और 'NITISH SETU' भी लिखा गया है।
पांच घंटे में तैयार की अनोखी कलाकृति
मधुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस बेहद छोटी कलाकृति को तैयार करने में उन्हें करीब पांच घंटे का समय लगा। पीपल के पत्ते पर तीनों नेताओं की तस्वीरों के साथ गंगा नदी पर बने भव्य नीतीश सेतु का चित्र भी उकेरा गया है। इतनी छोटी जगह पर बारीकी से तैयार की गई यह कलाकृति लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
कलाकार के मुताबिक, जब भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार आते हैं, राज्य को विकास की बड़ी योजनाओं की सौगात मिलती है। यह बिहार के लिए गौरव का क्षण है कि पटना के कच्ची दरगाह से राघोपुर होते हुए वैशाली के बिदुपुर को जोड़ने वाला करीब 9.76 किलोमीटर लंबा छह लेन का गंगा पुल राज्य को समर्पित किया जा रहा है।
नीतीश कुमार के योगदान को समर्पित की कलाकृति
मधुरेंद्र ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर इस पुल का नाम नीतीश सेतु रखा गया है। बिहार के विकास में उनके योगदान को देखते हुए उन्होंने इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए यह विशेष कलाकृति तैयार की है। उनका कहना है कि कला के माध्यम से ऐसे खास पलों और उपलब्धियों को यादगार बनाने का प्रयास करते हैं।
पहले भी अपनी कला से बटोर चुके हैं सुर्खियां
मधुरेंद्र कुमार अपनी अनूठी रेत और पत्ता कला के लिए पहले भी चर्चा में रह चुके हैं। अयोध्या में दीपोत्सव 2026 के दौरान उन्होंने चार सहयोगियों के साथ सरयू नदी के तट पर रामकथा पार्क में 58 फीट लंबी और 20 फीट ऊंची राम दरबार एवं राम मंदिर की विशाल रेत कलाकृति तैयार की थी। इस कलाकृति को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया गया था।
वहीं, छठ महापर्व पर उन्होंने पीपल के पत्ते पर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करती छठव्रतियों की सूक्ष्म तस्वीर बनाई थी। 16 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के जन्मदिन पर भी उन्होंने पत्ता कला के जरिए विशेष कलाकृति तैयार की थी। रेत और पत्तों को अपना कैनवास बनाने वाले मधुरेंद्र की यह नई प्रस्तुति उनकी बारीक कलात्मक प्रतिभा और बिहार के प्रति उनके लगाव को दर्शाती है।
