रायबरेली के साकेत नगर जेल रोड में चोरों ने बीती बृहस्पतिवार की रात को घर का ताला तोड़ दिया और एक किलो चांदी, 40 ग्राम सोने के जेवर के साथ 3.50 लाख की नकदी पार कर दी। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने पड़ताल की। साकेत नगर जेल रोड निवासी शरद श्रीवास्तव परिवार के साथ अपने साले की शादी में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार को प्रतापगढ़ गए थे। घर पर ताला बंद था। रात में चोरों ने घर का ताला तोड़ दिया और लाखों का सामान पार कर दिया। शुक्रवार रात को जब शरद परिवार के साथ घर लौटे तो उनको घटना की जानकारी हुई। घर में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के लॉकर को चोरों ने तोड़ दिया था। शरद के अनुसार चोर करीब एक किलो चांदी, 40 ग्राम सोना औऱ 3.50 लाख की नकदी लेकर चले गए। कोतवाली प्रभारी शिव शंकर सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।