इलिया थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव में संचालित अंग्रेजी शराब की दुकान को आगामी एक अप्रैल से परमदापुर गांव में स्थानांतरित किए जाने की सूचना मिलते ही मंगलवार को ग्रामीण महिलाओं में आक्रोश फैल गया। दर्जनों की संख्या में महिलाएं प्रस्तावित स्थल के पास एकत्रित हो गईं और जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी हालत में गांव में शराब की दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। उनका कहना था कि जिस स्थान पर दुकान खोले जाने की योजना है, उसके पास ही आस्था का केंद्र शक्ति माई मंदिर स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचती हैं। इसके अलावा नजदीक ही ई-लाइब्रेरी संचालित है, जहां छात्र-छात्राएं पढ़ाई करने आते हैं। महिलाओं ने आशंका जताई कि शराब की दुकान खुलने से क्षेत्र का माहौल खराब होगा और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ेगा। इससे महिलाओं व छात्राओं की सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने कहा कि गांव का सामाजिक वातावरण भी प्रभावित होगा और लोगों के आवागमन में दिक्कतें बढ़ेंगी। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। थानाध्यक्ष चंदन राय ने आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतों से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा और मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।