चंदौली जिले के टांडाकला क्षेत्र के रमदत्तपुर गांव में बिजली विभाग की घोर लापरवाही किसानों के लिए बड़े हादसे का सबब बन सकती है। यहाँ किसानों के खेतों के ऊपर कई वर्षों से झूलते 440 वोल्ट के नंगे बिजली के तार अब खेतों में खड़ी रहर की फसल को छू रहे हैं, जिससे किसानों को सिंचाई, कटाई और खेतों में आने-जाने में हर पल जान का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों के बार-बार शिकायत करने पर बिजली विभाग ने लगभग छह माह पहले खेतों में नए पोल (खंभे) तो गाड़ दिए थे, लेकिन उन पर अभी तक तार लगाकर उन्हें ऊंचा नहीं किया गया है। नतीजा यह है कि पुराने, लटके हुए तार अब धीरे-धीरे जमीन को छूने की कगार पर पहुँच गए हैं।