बिजनौर। नगीना क्षेत्र के ग्राम नंदपुर में स्थित नंदलाल देवता महाराज का मंदिर में श्रद्धालुओं का जमावड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुत्ते की परिक्रमा को लेकर चर्चा में आए इस मंदिर पर मेले जैसा माहौल बन गया है। शनिवार को बिजनौर से आई एनजीओ की टीम ने कुत्ते का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उसे ड्रिप चढ़ाई। शनिवार को भी मंदिर परिसर के आसपास श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और मेले जैसा माहौल दिखने लगा। श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर प्रसाद चढ़ाने और मन्नत मांगने में लगातार लगे हुए हैं। दूसरी तरफ ग्रामीणों के सहयोग से लगातार भंडारे का आयोजन हो रहा है। दो दिन पहले पशु चिकित्सा अधिकारी रजनीश कुमार द्वारा टीम के साथ पहुंचकर कुत्ते का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया था। शनिवार को एनजीओ की टीम ने भी कुत्ते का स्वास्थ्य परीक्षण किया और वह बड़ी जांच कराने की भी तैयारी कर रहे हैं। उधर श्रद्धालु किसी भी तरह से अपनी आस्था से समझौता करते हुए नहीं दिखाई दे रहे हैं। बताते चलें बीते सोमवार को एक कुत्ता मंदिर में स्थित हनुमान जी की मूर्ति की परिक्रमा दो दिन तक लगातार करता रहा था, बाद में वह मंदिर परिसर की परिक्रमा में लग गया था। ग्रामीणों का दावा है कि कुत्ते ने शनिवार को भी मंदिर परिसर की कुछ समय के लिए परिक्रमा की है। हांलाकि अब यह तस्वीर आस्था से जोड़कर भी देखी जा रही है।