आजमगढ़ में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने 'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की धमकी देकर एक व्यक्ति से 26.70 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जहांगीर आलम पुत्र मो. रईस, निवासी ग्राम मछली माहौल, लालकुर्ती, अमीनाबाद, लखनऊ के रूप में हुई है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि वादी मुकदमा ने थाना साइबर क्राइम पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें विभिन्न मोबाइल नंबरों से व्हाट्सएप कॉल आए, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को सीआईओ अधिकारी बताया। उसने पीड़ित के खाते से गलत लेन-देन होने और उनके विरुद्ध देशद्रोह का मुकदमा दर्ज होने की बात कहकर भयभीत किया और 'डिजिटल अरेस्ट' कर लिया। इसके बाद, गिरफ्तारी से बचाने के नाम पर वादी से कुल 26,70,000 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए गए। इस संबंध में थाना साइबर क्राइम आजमगढ़ में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त जहांगीर आलम का नाम सामने आया। पुलिस टीम ने लखनऊ पहुंचकर अभियुक्त को गिरफ्तार किया और उसकी सहमति से थाना साइबर क्राइम लाई। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों से घटना में उसकी संलिप्तता प्रमाणित होने पर बृहस्पतिवार को उसे पुलिस अभिरक्षा में लिया।