इंस्पायर मानक योजना के तहत जिलेभर के 78 विद्यार्थियों के मॉडल चयनित हुए हैं। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से शैक्षणिक सत्र 2025-26 में आइडिया देने वाले विद्यार्थियों को चयनित किया है। प्रत्येक विद्यार्थी को विज्ञान मॉडल बनाने के लिए 10-10 हजार रुपये जारी किए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक तथ्यों और वैज्ञानिक सोच का विकास हो सके। इस राशि से अब विद्यार्थी विज्ञान मॉडल तैयार करेंगे और आगामी समय में होने वाली जिलास्तरीय इंस्पायर मानक मॉडल प्रदर्शनी में प्रदर्शित करेंगे। इस दौरान बेहतरीन मॉडल बनाने वाले विद्यार्थी का चयन राज्यस्तरीय मॉडल प्रदर्शनी प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। जिला स्तरीय इंस्पायर मानक मॉडल प्रदर्शनी की तिथि निर्धारित नहीं हुई है। इंस्पायर मानक अवार्ड योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना है,ताकि विद्यार्थियों को नई तकनीकों से जोड़ा जा सके और उनका मानसिक विकास हो सके। योजना के तहत जिले से 40 विद्यार्थी सरकारी व 38 निजी स्कूलों से हैं। जिसमें 29 छात्र व 49 छात्राएं हैं। जिलाभर से इंस्पायर अवार्ड योजना के तहत सत्र 2025-26 के 78 विद्यार्थी चयनित हुए हैं। इन विद्यार्थियों को मॉडल बनाने के लिए दस-दस हजार रुपये मिल चुके हैं। चयनित विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रदर्शनी में भाग लेंगे।-राजेश गौतम, जिला विज्ञान पर्यवेक्षक।