घुमारवीं शहर के व्यस्त गांधी चौक के पास वीरवार सुबह करीब 8:30 बजे छात्र गुटों के बीच हुई मारपीट से माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मामूली कहासुनी के बाद कुछ स्कूली छात्रों ने आईटीआई के एक छात्र पर अचानक हमला कर दिया और उसे बीच बाजार बेरहमी से पीट डाला। युवक घायल हो गया। बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों में बाजार क्षेत्र में छात्रों के बीच यह तीसरी झड़प है, जिससे स्थानीय लोग बेहद चिंतित हैं। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हमलावर छात्र युवक पर लगातार वार करते हुए दिख रहे हैं। घटना के समय बाजार में काफी लोग मौजूद थे, लेकिन कोई भी बीच-बचाव को आगे नहीं आया। भीड़ की इस बेरुखी के बीच सरकारी स्कूल की एक छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए घायल छात्र को बचाने की कोशिश की। छात्रा ने हमलावरों को रोकने का प्रयास किया, जिसकी बदौलत स्थिति और गंभीर होने से बच गई। उसकी बहादुरी की हर ओर प्रशंसा हो रही है। लोगों ने शहर में बढ़ रही छात्र हिंसा पर कड़ा रोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि पिछले कुछ समय से स्कूल और आईटीआई छात्रों के बीच झगड़े और हाथापाई की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।