ललितपुर। स्वास्थ्य विभाग में तैनात कर्मचारी पर वेतन भुगतान में लगातार अनियमितता करने के आरोप को लेकर शिवसेना शिंदे गुट जिलाध्यक्ष राकेश नामदेव ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
उन्होंने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में स्थित जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई में कार्यरत एक संविदा कर्मी लगातार मानदेय/वित्तीय भुगतान में गड़बड़ी कर रहा है। किसी को कम तो किसी को तय राशि से अधिक भुगतान किया जा रहा है। ऐसा ही मामला बीते मई में आया जब सीएचसी मड़ावरा में कार्यरत कुछ स्वास्थ्यकर्मियों के बैंक खातों में निर्धारित मानदेय से अधिक धनराशि का भुगतान कर दिया गया। इस मामले में सीएमओ ने पत्र जारी कर त्रुटिवश भुगतान होने की जानकारी दी। तत्पश्चात जून माह के भुगतान में सीएचसी जखौरा के स्वास्थ्यकर्मी के मानदेय भुगतान में पांच हजार रुपये कम दिए गए। मामले में संबंधित कर्मी ने सीएमओ को शिकायती पत्र दिया। इसके बाद सीएमओ ने फिर से पत्र जारी कर त्रुटिवश भुगतान होना बताया। आरोप है कि लगातार अनियमितताएं की जा रही हैं। ऐसे में संबंधित कर्मी के खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई की जाए।