सीडीओ ने किया निरीक्षण, दिव्यांग शौचालयों में रैंप निर्माण व पानी आपूर्ति के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जनपद में प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत नवनिर्मित राजकीय हाईस्कूल मल्टीपरपज हॉल निर्माण व अन्य कार्य का मुख्य विकास अधिकारी ने निरीक्षण किया। इसमें कुछ कार्य मानक विहीन पाए गए और कुछ अधूरे कार् पूर्ण करने के लिए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए।
जनपद में उप्र आवास एवं विकास परिषद झांसी की ओर से ग्राम दिदौनिया, महरौनी, साढ़ूमल एवं नैनवारा में प्रोजेक्ट अलंकार के तहत विद्यालयों में कार्य कराए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान ने राजकीय हाईस्कूल दिदौनिया में निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। यहां टॉयलेट क्रियाशील नहीं पाए गए। स्टेज स्टैपिंग की राइजिंग मानक से अधिक है, जिसे निर्धारित मानक के अनुसार बनाने के निर्देश दिए गए। खिड़कियों के आयरन शीड बने फ्रेम गुणवत्ता विहीन पाए गए। कक्ष व टॉयलेट ब्लॉक की फिनिशिंग भी सही नहीं पाई गई। वहीं, राजकीय हाईस्कूल महरौनी में दिव्यांग शौचालयों का रैंप मानक अनुरूप नहीं पाया गया। वहां पर हेल्प स्टैंड भी नहीं लगाया गया है। वहीं, राजकीय हाईस्कूल नैनवारा में भी दिव्यांग शौचालय का रैंप मानक के अनुरूप नहीं पाया गया। शौचालय ब्लाॅक के बाहर रेलिंग नहीं लगाई गई। मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यदायी संस्था को मानक अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।