संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। जनपद में एलयूसीसी कंपनी के एजेंटों की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर एक एजेंट और उसके आठ-दस अज्ञात साथियों पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
नगर के चौबयाना निवासी शक्ति वाल्मीकि पुत्र श्रीराम ने न्यायालय में दिए अपने शिकायती पत्र में बताया कि 2019 में उसके घर दीपक पुत्र प्रकाश अहिरवार निवासी ग्राम एवनी थाना पूराकला हाल निवासी चौबयाना तालबेहट अपने आठ-दस अज्ञात साथियों के साथ आया। कहा कि हम एलयूसीसी कंपनी में एजेंट हैं। मेरी कंपनी कम समय में रकम दोगुना करती है और समय से भुगतान भी करती है। उसने स्वयं और परिजनों के नाम पर एफडी और आरडी खोली। इसकी परिपक्ता तिथि वर्ष 2024 में होने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। बीते चार सितंबर 2025 की सुबह करीब आठ बजे जब उसने दीपक के घर चौबयाना तालबेहट में जाकर अपने रुपये के भुगतान के बारे में पूछा तो उसने कहा कि हमने कूटरचना कर संगठित गिरोह बनाकर धोखाधड़ी कर तुम्हारी रकम हड़प कर ली है और वापस नहीं करेंगे।
आरोप लगाया कि उसने अभद्रता करते हुए झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी, जिस कारण वह काफी परेशान है। इस संबंध में उसने पुलिस को शिकायती पत्र दिया लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने दीपक सहित आठ-दस अज्ञात पर मामला दर्ज कर लिया।