3 इंटरचेंज और 4 फ्लाईओवर से सशक्त होगी कनेक्टिविटी
जनपद बदायूं में एक्सप्रेसवे के अंतर्गत 4 फ्लाईओवर और 3 प्रमुख इंटरचेंज बनाए गए हैं, जो जिले की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह बदल देंगे। ग्राम वनकोटा (बिसौली रोड), ग्राम घटपुरी (बरेली रोड), ग्राम डहरपुर कलां (दातागंज रोड) इन इंटरचेंज के माध्यम से जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को तेज, सुरक्षित और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी
औद्योगिक गलियारा से बन रहे निवेश और रोजगार के नए द्वार
घटपुरी इंटरचेंज के पास 108 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक गलियारा विकसित किया जा रहा है, जिसमें घटपुरी, औरंगाबाद माफी और कुतुबपुरथरा गांव शामिल हैं। वहीं दातागंज तहसील के डहरपुर कलां इंटरचेंज के पास लगभग 300 हेक्टेयर में दूसरा औद्योगिक गलियारा प्रस्तावित है, जिसके लिए बिहारीपुर, छछऊ, डहरपुर कलां, कैल्हाई और डोलापुर गांवों की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया जारी है।
दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे पर दातागंज विधानसभा क्षेत्र के पापड़ हमजापुर में एक उतार-चढ़ाव बनाया गया है। यह उतार-चढ़ाव हमारे प्रयासों से स्वीकृत हुआ, जो मूल योजना में नहीं था। इससे किसानों को मंडियों तक सीधी पहुंच मिलेगी और औद्योगिक गलियारे से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे से जिले को एक नई गति मिलेगी। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बदायूं जिले के घटपुरी में जनसभा के माध्यम से किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें।