मिल्कीपुर। रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल होने के बाद मिल्कीपुर तहसील के लेखपाल देवेंद्र यादव को निलंबित कर दिया गया है। एसडीएम ने तहसीलदार की रिपोर्ट पर यह कार्रवाई की है।
सोमवार को सोशल मीडिया पर लेखपाल देवेंद्र यादव का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में वह एक किसान से पांच सौ रुपये लेते और एक हजार रुपये की मांग करते हुए दिखाई दे रहे थे। देवेंद्र यादव के पास मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के मलेथू बुजुर्ग, रामपुर जोहन, गयासुद्दीन पुर, विजयनपुर और चमैला जैसे कई गांवों का चार्ज था। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने प्रकरण की जांच राजस्व निरीक्षक और तहसीलदार से कराई। जांच रिपोर्ट के आधार पर लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही, नायब तहसीलदार मिल्कीपुर रंजन वर्मा को इस मामले का जांच अधिकारी नामित किया गया है।