-भागीदारी, जागरूकता और जांच के लिए किया जाएगा प्रोत्साहित
-हां! हम टीबी को खत्म कर सकते हैं : रखी गई है इस वर्ष की थीम
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय टीबी दिवस के अवसर पर सिरमौर जिले में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रम कालाअंब में आयोजित होगा, जबकि खंड स्तर पर भी लोगों को टीबी रोग के प्रति जागरूक किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में वर्तमान में 600 से अधिक टीबी मरीजों का उपचार चल रहा है। ऐसे में टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को लेकर विभाग विशेष अभियान चला रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक जागरूकता पहुंचाई जा सके।
वर्ष 2026 के लिए अंतरराष्ट्रीय टीबी दिवस की थीम हां! हम टीबी को खत्म कर सकते हैं : देशों के नेतृत्व में, लोगों की शक्ति से रखी गई है। इस थीम के तहत कार्यक्रम में सामुदायिक भागीदारी, जागरूकता और समय पर जांच व उपचार पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रमों के दौरान स्वास्थ्य कर्मी लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में जानकारी देंगे। साथ ही यह संदेश भी दिया जाएगा कि टीबी पूरी तरह से ठीक होने वाली बीमारी है, बशर्ते मरीज समय पर जांच कराकर नियमित रूप से दवाइयों का सेवन करे। इसके अलावा टीबी स्क्रीनिंग अभियान के तहत भी लोगों को टेस्ट, एक्सरे करवाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. निसार अहमद ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय टीबी दिवस पर जिले में कार्यक्रम जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस वर्ष की थीम के अनुरूप यह अभियान सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप 2030 तक टीबी मुक्त समाज के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके लिए प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, नई तकनीकों के उपयोग और जनभागीदारी को बढ़ाने पर विशेष बल दिया जा रहा है। संवाद