गांव फग्गू में वीरवार शाम को हुआ सड़क हादसा
फोटो 35,36
संवाद न्यूज एजेंसी
रोड़ी। जिले के गांव फग्गू में वीरवार शाम को सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गांव फग्गू स्थित बिजलीघर के सामने उस समय हुआ जब दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
गांव रोड़ी के माछी पत्ती निवासी गुरलाल सिंह और सुखजीत सिंह किसी कार्य से रोड़ी से कालांवाली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से गांव जोधकां निवासी 45 वर्षीय पुरुषोत्तम और 50 वर्षीय जगदीश पूनिया अपनी बाइक पर कालांवाली से अपने गांव लौट रहे थे। बिजलीघर के समीप पहुंचते ही दोनों बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि 50 वर्षीय जगदीश पूनिया की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पुरुषोत्तम गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची।
टीम के इंचार्ज एएसआई सुखविंदर सिंह ने घायल पुरुषोत्तम को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जहां उपचार जारी है। हादसे की सूचना पाकर रोड़ी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
थाने के एसआई नरेश कुमार मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने जगदीश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।