Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Jaishankar flags weaponisation of resources at Japan meet; Rajnath seeks deeper defence cooperation

भारत-जापान संबंध: सप्लाई चेन पर जयशंकर की चिंता, रक्षा सहयोग पर राजनाथ का जोर; 2+2 बैठक में क्या हुआ?

Thu, 19 Nov 2026 05:53 PM IST
निर्मल कांत पीटीआई, टोक्यो।
पीटीआई, टोक्यो। Published by: निर्मल कांत Updated Thu, 19 Nov 2026 05:53 PM IST
सार
Register For Event

भारत और जापान ने टोक्यो में 2+2 बैठक के दौरान रक्षा और रणनीतिक सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संसाधनों, कनेक्टिविटी और सप्लाई चेन को हथियार बनाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मिसाइल और पनडुब्बी तकनीक से लेकर समुद्री सुरक्षा तक सहयोग बढ़ाने की बात कही। बैठक में क्या-क्या हुआ? पढ़िए रिपोर्ट।

विज्ञापन
Jaishankar flags weaponisation of resources at Japan meet; Rajnath seeks deeper defence cooperation
भारत-जापान 2+2 बैठक - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक

विस्तार

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गुरुवार को दुनिया में संसाधनों, संपर्क (कनेक्टिविटी) और आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन) को हथियार की तरह इस्तेमाल करने की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वैश्विक अनिश्चितता के बीच भारत और जापान को अपना सहयोग और मजबूत करना होगा। जयशंकर ने कहा कि दुनिया में कई बड़े बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में भरोसेमंद और मजबूत साझेदारियां पहले से ज्यादा जरूरी हो गई हैं।
विज्ञापन


वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत और जापान पनडुब्बी से जुड़ी खास तकनीकों और मिसाइल तकनीक में सहयोग बढ़ाएंगी। दोनों देश समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में भी अपना सहयोग बढ़ाएंगे।
विज्ञापन


भारत-जापान की 2+2 बैठक में क्या हुआ?
जयशंकर और राजनाथ सिंह गुरुवार को टोक्यो में थे। यहां भारत और जापान के बीच चौथी विदेश और रक्षा मंत्री स्तर की बातचीत हुई। इसे 2+2 बैठक कहा जाता है। इस बैठक में दोनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्री शामिल हुए।
विज्ञापन
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: टोक्यो में भारत-जापान की अहम बैठक: रक्षा उपकरणों के निर्माण पर दिया जोर, जानें और किन मुद्दों पर बनी सहमति?

जयशंकर ने जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी से अलग द्विपक्षीय बातचीत की। वहीं, राजनाथ सिंह ने जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी से मुलाकात की। बातचीत के बाद दोनों भारतीय मंत्रियों ने मीडिया को जानकारी दी।

दुनिया में बढ़ती अनिश्चितता पर जयशंकर ने क्या कहा?
जयशंकर ने कहा कि वैश्विक व्यवस्था इस समय कई तरह के झटकों का सामना कर रही है। इनमें दो बड़े युद्ध, आर्थिक उतार-चढ़ाव और कोविड-19 महामारी के बाद के असर शामिल हैं। उन्होंने कहा, 'दो बड़े संघर्ष अभी भी जारी हैं। इनका असर दूर-दराज के इलाकों में भी महसूस किया गया है'।

उन्होंने बताया कि इन घटनाओं से ऊर्जा, व्यापार, खाद्य और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर सिर्फ उन्हीं क्षेत्रों तक सीमित नहीं है। इनका प्रभाव दुनिया के ऊर्जा बाजार, समुद्री जहाजों के आवागमन और खाद्य सुरक्षा पर भी पड़ा है। जयशंकर ने कहा, 'जब हम इन मोर्चों पर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं, तब भारत और जापान जैसी भरोसेमंद और मजबूत साझेदारियां और ज्यादा अहम हो जाती हैं'।

आपूर्ति श्रृंखला को हथियार बनाने पर क्यों जताई चिंता?
जयशंकर ने कहा, 'दुनिया में कनेक्टिविटी, संसाधनों, सेवाओं, सप्लाई चेन और बाजार हिस्सेदारी को हथियार की तरह इस्तेमाल करने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। उन्होंने कहा, हमने कनेक्टिविटी, संसाधनों, सेवाओं, सप्लाई चेन और बाजार हिस्सेदारी को हथियार बनाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर भी बात की। इनमें से कई चीजों का सीधा असर राष्ट्रीय सुरक्षा पर पड़ता है'।

उन्होंने कहा,  इस स्थिति में अपनी व्यवस्था को मजबूत बनाना और दूसरे विकल्प तलाशना जरूरी है। जयशंकर ने कहा, 'अपनी व्यवस्था को मजबूत करना और नए विकल्प तलाशना इसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए'।

समुद्री मार्गों और व्यापार को लेकर क्या बोले जयशंकर?
जयशंकर ने खाड़ी क्षेत्र के अनुभवों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि समुद्री रास्तों और उनके अहम पड़ावों को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। उन्होंने समुद्री व्यापार को बिना रुकावट जारी रखने की जरूरत पर जोर दिया। जयशंकर ने कहा, 'यह सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है कि समुद्री व्यापार सुचारू रूप से चलता रहे। यह अंतरराष्ट्रीय कारोबार का केंद्र है। हमारा समुद्री सहयोग इस दिशा में बदलाव ला सकता है'।

उन्होंने कहा, इस मुद्दे पर दोनों देशों के बीच बातचीत सही समय पर हुई है। विदेश मंत्री ने बताया कि दोनों देश इस मामले में अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करने की जरूरत पर भी सहमत हुए हैं।

भारत-जापान के बीच रक्षा सहयोग कैसे बढ़ेगा?
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, दोनों देश हाल ही में हुए समुद्री सुरक्षा सहयोग समझौते को जल्द लागू करने पर सहमत हुए हैं। इसके तहत कई क्षेत्रों में मिलकर काम किया जाएगा। इनमें समुद्री और हवाई गतिविधियों की जानकारी रखना, खोज और बचाव अभियान चलाना और सूचनाओं का आदान-प्रदान शामिल है। राजनाथ सिंह ने कहा, 'हमने पनडुब्बी से जुड़ी खास तकनीकों और मिसाइल तकनीक के क्षेत्र में सहयोग तेज करने पर सहमति जताई है'।

'डिजाइन विद जापान, मेक इन इंडिया' क्या है?
दोनों देशों ने रक्षा उद्योग में सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई है। इसके लिए 'डिजाइन विद जापान, मेक इन इंडिया' के ढांचे के तहत काम किया जाएगा। दोनों देशों ने यूनिकॉर्न से जुड़े समझौतों को जल्द पूरा करने की उम्मीद भी जताई। ह समझौता भारतीय नौसेना के युद्धपोतों के लिए एकीकृत एंटीना मास्ट को मिलकर विकसित करने से जुड़ा है।

समुद्री जहाजों की मरम्मत पर क्या सहमति बनी?
राजनाथ सिंह ने कहा कि दोनों देश समुद्री जहाजों की मरम्मत से जुड़े समझौते को जल्द पूरा करने पर भी सहमत हुए हैं। स समझौते के तहत दोनों देश एक-दूसरे के जहाजों को मरम्मत की सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। सके अलावा, दोनों देशों ने समुद्र में बिछाई गई बारूदी सुरंगों का पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय करने की क्षमता में सहयोग बढ़ाने का फैसला किया।

हिंद-प्रशांत क्षेत्र को लेकर भारत का क्या रुख है?
जयशंकर ने कहा, 'भारत और जापान हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र और खुला बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस कोशिश में क्वाड के दूसरे सदस्य देश भी उनके साथ हैं'। यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज की मनीला में हुई मुलाकात के दो दिन बाद आया। चारों नेताओं ने वहां क्वाड शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था।

बदलती वैश्विक व्यवस्था में देशों की जिम्मेदारी पर क्या बोले?
जयशंकर ने कहा, 'अब पुरानी धारणाएं पहले की तरह सही साबित नहीं हो सकतीं। हर देश को वैश्विक भलाई के लिए पहले से ज्यादा योगदान देना होगा'। उन्होंने कहा, 'हकीकत यह है कि पुरानी धारणाएं अब शायद सही न रहें। हममें से हर एक को दुनिया की भलाई के लिए ज्यादा योगदान देना होगा'। उन्होंने बताया, 'यह योगदान देश के स्तर पर, दो देशों के बीच सहयोग से या एक जैसी सोच रखने वाले दूसरे देशों के साथ मिलकर दिया जा सकता है'।

ये भी पढ़ें: चीन में महाशक्तियों की बैठक: ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन ने किया मंथन, यूक्रेन जंग से परमाणु निरस्त्रीकरण पर चर्चा

रक्षा क्षेत्र में नए हथियारों और तकनीक पर क्या चर्चा हुई?
2+2 बैठक में युद्ध के बदलते तरीकों पर भी चर्चा हुई। जयशंकर ने स्मार्ट हथियारों और नए समाधानों के प्रभावी इस्तेमाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा, इस क्षेत्र में दोनों देशों का सहयोग नवाचार और स्टार्टअप के क्षेत्र में व्यापक साझेदारी को भी मजबूत करता है। जयशंकर ने कहा, 'यहां हमारा सहयोग नवाचार और स्टार्टअप के क्षेत्र में बड़े स्तर पर साझेदारी को बढ़ावा देता है'।

जापान के साथ रक्षा साझेदारी में अब तक क्या प्रगति हुई?
राजनाथ सिंह ने कहा, दोनों देशों ने अगस्त 2025 में हुए संयुक्त सुरक्षा सहयोग घोषणापत्र के अनुसार रक्षा और सुरक्षा साझेदारी में हुई प्रगति पर ध्यान दिया। उन्होंने भारत में हुए 'वीर गार्जियन 26' हवाई सैन्य अभ्यास में पहली बार जापान की वायु आत्मरक्षा बल के लड़ाकू विमानों की भागीदारी का स्वागत किया।

उन्होंने टोक्यो में 13 अक्टूबर को हुए तीसरे भारत-जापान रक्षा उद्योग मंच का भी जिक्र किया। रक्षा मंत्री ने बताया कि दोनों देशों ने हवाई और अंतरिक्ष क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखने से जुड़े मौजूदा सहयोग पर भी चर्चा की।


भारत-जापान के राजनयिक संबंधों के 75 साल
राजनाथ सिंह ने कहा कि यह साल दोनों देशों के लिए खास है। दोनों देश 2027 में अपने राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 साल पूरे होने का जश्न मनाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बैठक में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार साझा किए गए। दोनों देश इस बात पर सहमत हुए कि विवादों का समाधान अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए।

जयशंकर ने कहा, 'हम हिंद-प्रशांत क्षेत्र के दो महत्वपूर्ण देश हैं। हमारे बीच दोस्ती और सद्भाव का लंबा और लगातार बना रहने वाला इतिहास है'। उन्होंने कहा, 'भारत और जापान के मजबूत संबंध वैश्विक व्यवस्था में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। दुनिया ऐसे दौर में प्रवेश कर रही है, जहां हर देश को अपना योगदान बढ़ाना होगा'। जयशंकर ने कहा, 'आज हमारी 2+2 बातचीत और इस दौरान बनी सहमतियां उस दिशा में एक बहुत अच्छा कदम थीं'।

2+2 बैठक का क्या मकसद है?
2+2 बैठक में दोनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्री शामिल होते हैं। इसका मकसद दोनों देशों के रणनीतिक रिश्तों की समीक्षा करना है। साथ ही, क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा करना भी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed