{"_id":"6abcb33a5acbd142470775b3","slug":"flydubai-tel-aviv-bound-flight-signals-emergency-expected-to-land-in-saudi-arabia-updates-hindi-2026-09-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"आसमान में हाईवोल्टेज ड्रामा!: उड़ते विमान में दो पायलटों में चाकूबाजी; इस्राइल को क्यों भेजने पड़े फाइटर जेट?","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
आसमान में हाईवोल्टेज ड्रामा!: उड़ते विमान में दो पायलटों में चाकूबाजी; इस्राइल को क्यों भेजने पड़े फाइटर जेट?
Wed, 30 Sep 2026 12:29 PM IST
शिवम गर्ग
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
Published by: शिवम गर्ग
Updated Wed, 30 Sep 2026 12:29 PM IST
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हवा में पायलटों के बीच कथित झड़प के बाद हड़कंप मच गया। विमान से इमरजेंसी कोड भेजे गए और हाईजैक की आशंका जताई गई। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। घटना के दौरान आखिर विमान में क्या हुआ और यात्रियों की स्थिति कैसी रही? आइए, जानते हैं...
विज्ञापन
उड़ते विमान में हुई चाकूबाजी
- फोटो : Amar Ujala Graphics
विस्तार
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट एफजेड 1073 में बुधवार सुबह बीच हवा में पायलटों के बीच कथित झड़प के बाद हड़कंप मच गया। विमान में करीब 180 यात्री सवार थे, जिनमें 100 से ज्यादा इस्राइली यात्री बताए गए हैं। घटना के दौरान विमान से पहले सामान्य आपातकालीन स्थिति का संकेत देने वाला 7700 और बाद में संभावित गैरकानूनी हस्तक्षेप का संकेत देने वाला 7500 कोड भेजा गया। हालात को देखते हुए इस्राइली वायुसेना के लड़ाकू विमानों को भी रवाना किया गया। बाद में विमान सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा।
विज्ञापन
विज्ञापन
पायलटों के बीच झड़प से बढ़ी हाईजैक की आशंका
द जेरूसलम पोस्ट से बात करने वाले एक इस्राइली अधिकारी के अनुसार, पायलटों के बीच हुई घटना के दौरान विमान के हाईजैक होने और उसे जमीन से टकराने की आशंका पैदा हो गई थी। अधिकारी ने दावा किया कि अतिरिक्त क्रू सदस्यों और विमान में मौजूद कुछ इस्राइली यात्रियों की मदद से स्थिति को काबू में किया गया।
विज्ञापन
हालांकि, इस्राइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने बाद में कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और यह हाईजैकिंग की घटना नहीं थी। घटना को लेकर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अधिकारियों के साथ चर्चा की और घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी।
15 हजार मीटर तक नीचे आने का दावा
रिपोर्ट में इस्राइली अधिकारी के हवाले से बताया गया कि पायलटों के बीच विवाद के दौरान विमान करीब 15,000 मीटर की ऊंचाई तक नीचे आया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से विमान में मौजूद यात्रियों के साथ-साथ इस्राइल में भी चिंता बढ़ गई। विमान से आपातकालीन कोड मिलने के बाद संभावित खतरे को देखते हुए इस्राइली वायुसेना के लड़ाकू विमानों को तैयार किया गया। प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने रक्षा अधिकारियों के साथ मामले को लेकर सुरक्षा चर्चा भी की।
यात्री की मां ने सुनाई विमान के अंदर की कहानी
फ्लाइट में सवार मिरियम की मां यास्मिन अबू कासिस ने बताया कि उनकी बेटी ने विमान के अंदर चीखने की आवाजें सुनी थीं। उनके मुताबिक, मिरियम ने बताया कि एक व्यक्ति ने चाकू निकाला, पायलट को नीचे गिरा दिया और वहां खून दिखाई दे रहा था।
रिपोर्ट के अनुसार, दूसरे पायलट पर चाकू से हमला करने वाला पायलट ओमानी मूल का बताया जा रहा है। साथ ही, ऐसी आशंका की भी जांच की गई कि विमान में मौजूद पायलटों में से एक जानबूझकर विमान को दुर्घटनाग्रस्त करना चाहता था। इन दावों की आधिकारिक पुष्टि के लिए जांच जारी रहने की बात कही गई है।
तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा विमान
घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। फ्लाईदुबई के अनुसार, फ्लाइट FZ1073 दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बेन गुरियन एयरपोर्ट के लिए उड़ान भर रही थी और रास्ते में एक घटना हुई। एयरलाइन ने बताया कि विमान तबूक में सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री तथा चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। यात्रियों को वापस इस्राइल पहुंचाने के लिए भी तैयारियां शुरू कर दी गईं। फ्लाईदुबई संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है और यात्रियों को तेल अवीव वापस ले जाने के लिए एक अन्य विमान भेजने की तैयारी कर रही है।
इस्राइल में कुछ समय के लिए बंद किया गया एयरस्पेस
घटना के दौरान इस्राइली एयरस्पेस को भी कुछ समय के लिए बंद किया गया था। विमान के सऊदी अरब में सुरक्षित उतरने के बाद इसे दोबारा खोल दिया गया। इस्राइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित वापस लाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए थीं।
फ्लाईदुबई ने क्या कहा?
फ्लाईदुबई ने अपने बयान में कहा कि 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट FZ1073 को रास्ते में एक घटना का सामना करना पड़ा। विमान सुरक्षित रूप से तबूक में उतर गया और सभी यात्री एवं चालक दल सुरक्षित हैं। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कंपनी संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है और अतिरिक्त पुष्टि होने पर आगे की जानकारी साझा करेगी।