वीकेंड पर कैंची धाम-भीमताल जा रहे हैं: पहले पढ़ें पुलिस का यातायात प्लान, 28-29 नवंबर को भारी वाहनों पर रोक
वीकेंड पर कैंची धाम, भवाली और भीमताल में भीड़ देखते हुए पुलिस ने 28-29 नवंबर का विशेष यातायात प्लान जारी किया है, जिसमें भारी वाहन सुबह 3 से रात 11 बजे तक और बसें व चौपहिया वाहन सुबह 5 से रात 8 बजे तक प्रतिबंधित रहेंगे।
विस्तार
वीकेंड पर कैंची धाम, भवाली और भीमताल में संभावित भीड़ के मद्देनजर पुलिस ने 28 और 29 नवंबर के लिए विशेष यातायात प्लान जारी किया है। एसएसपी अर्पण यदुवंशी के अनुसार, भारी वाहनों का सुबह तीन से रात 11 बजे तक और बसों और चौपहिया वाहनों का सुबह पांच से रात आठ बजे तक आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहनों को जिले की सीमा पर रोका जाएगा।
एसएसपी अर्पण यदुवंशी की ओर से जारी प्लान के अनुसार अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों को जाने वाले वाहन लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल मार्ग से गुजरेंगे। मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ जाने वाले वाहन खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धनाचूली बैंड से भेजे जाएंगे।
काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन मुक्तेश्वर-रामगढ़ मार्ग से जाएंगे। भीमताल मार्ग से कैंची धाम आने वाले निजी वाहन विकास भवन पार्किंग में खड़े कर शटल से भवाली और मंदिर पहुंचेंगे। ज्योलीकोट-गेठिया-नैनीताल मार्ग से आने वाले वाहन भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में खड़े होंगे, जहां से शटल सेवा मिलेगी।
भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड प्रथम, सैनिटोरियम बाईपास और शिप्रा पुल भवाली से भेजा जाएगा। कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने यात्रियों से निर्धारित डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
