वाराणसी: वीडीए की पहली गेटेड सिटी आनंद टाउनशिप में 1004 आवासीय प्लॉट, आधुनिक सुविधाओं के साथ आकार ले रही योजना
वाराणसी में वीडीए की पहली गेटेड सिटी आनंद टाउनशिप में 1004 आवासीय प्लॉट हैं। यह योजना आधुनिक सुविधाओं के साथ आकार ले रही है। इसमें बेहतर आवागमन व आधुनिक नगरीय सुविधाओं के लिए 24, 18, 12 और नौ मीटर चौड़ी सड़कों का विकास किया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वीडीए की ओर से कल्लीपुर क्षेत्र में विकसित की जा रही पहली गेटेड सिटी आनंद काशी टाउनशिप आवासीय योजना (फेज-1) का विकास कार्य प्रगति पर है। लगभग 4,56,398.69 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित की जा रही इस महत्वाकांक्षी आवासीय योजना में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के साथ सुव्यवस्थित एवं पर्यावरण-अनुकूल नगरीय विकास की अवधारणा को साकार किया जा रहा है। वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने बताया कि योजना के पहले चरण में कुल 1,004 आवासीय प्लॉट हैं।
इस योजना के तहत तीन ग्रुप हाउसिंग भूखंड, 108 व्यावसायिक, एक शैक्षणिक, एक हेल्थकेयर, एक कम्युनिटी सेंटर, दो यूटिलिटी भूखंड सहित हरित क्षेत्र के 18 पैच विकसित किए जाएंगे। आवासीय भूखंड चार प्रमुख श्रेणियों 72 वर्ग मीटर, 162 वर्ग मीटर, 200 वर्ग मीटर और 288 वर्ग मीटर में विकसित किए जा रहे हैं।
आनंद काशी टाउनशिप में बेहतर आवागमन व आधुनिक नगरीय सुविधाओं के लिए 24, 18, 12 और नौ मीटर चौड़ी सड़कों का विकास किया जा रहा है। जलापूर्ति, सीवरेज, विद्युत व्यवस्था, वर्षा जल निकासी एवं अन्य आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का विकास विभिन्न चरणों में प्रगति पर है।
लगभग तीस साल बाद विकसित की जा रही प्राधिकरण की पहली समेकित गेटेड सिटी के रूप में यह योजना काशी की सांस्कृतिक एवं वैदिक विरासत को आधुनिक सुविधाओं के साथ जोड़ते हुए एक सुव्यवस्थित एवं पर्यावरण-अनुकूल आवासीय वातावरण प्रदान करेगी। योजना का रेरा पंजीकरण अंतिम चरण में है। माह के अंत तक पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
दो हेक्टेयर पार्क में होगी नटराज की प्रतिमा और फव्वारे
टाउनशिप में लगभग दो हेक्टेयर क्षेत्रफल में केंद्रीय पार्क विकसित किया जा रहा है। पार्क के केंद्र में भव्य नटराज प्रतिमा व फव्वारे से सुसज्जित केंद्रीय प्लाजा के साथ ओपन लॉन, एंफीथियेटर, चिल्ड्रन प्ले एरिया, मेडिटेशन गार्डन, सीनियर सिटीजन जोन, फ्लावर गार्डन, जॉगिंग ट्रैक और पैदल पथ जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। पार्क के चारों ओर पैदल-अनुकूल मार्केट प्लाजा एवं व्यावसायिक सुविधाएं तथा टाउनशिप से जुड़ने के लिए 4 प्रमुख पैदल प्रवेश द्वार भी प्रस्तावित हैं।
3.71 एकड़ में मियावाकी वन होगा विकसित
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को विशेष प्राथमिकता देते हुए योजना की बाउंड्री के समीप स्थित लगभग 3.71 एकड़ क्षेत्रफल में मियावाकी पद्धति से सघन वन विकसित किए जाने का निर्णय लिया गया है। काशी की सांस्कृतिक एवं वैदिक विरासत की अवधारणा पर आधारित इस योजना में न्यूनतम 15 प्रतिशत क्षेत्रफल को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें मियावाकी वन जैसी पर्यावरणीय पहलें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।