प्रतापगढ़ : जब पूर्व सांसद बृजभूषण ने बाबा रामदेव को गोद में उठाया, कभी कहा था नकली घी का सौदागर और मिलावटखोर
कभी जुबानी जंग, कभी गंभीर आरोप और अब मुलाकात में अपनापन! बाबा रामदेव को मिलावटखोरों का सम्राट और नकली घी का सौदागर बताने वाले पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का कुंडा की रामकथा में अलग ही अंदाज देखने को मिला। आमना-सामना हुआ तो पैर छूने पहुंचे, लेकिन बात गोद में उठाने तक पहुंच गई। पुराने विवाद के बीच दोनों की इस मुलाकात ने हर किसी का ध्यान खींचा।
विस्तार
कभी तीखे आरोप और बयानबाजी से चर्चा में रहे पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और योग गुरु बाबा रामदेव की कुंडा में हुई मुलाकात ने सबका ध्यान खींचा। बेंती राजभवन में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा में पहुंचे बाबा रामदेव का बृजभूषण शरण सिंह ने अनोखे अंदाज में स्वागत किया। आमना-सामना होने पर बृजभूषण ने बाबा रामदेव के पैर छूने का प्रयास किया, लेकिन रामदेव ने उनका हाथ पकड़ लिया। इसके बाद बृजभूषण ने उन्हें गोद में उठा लिया। यह नजारा देखकर राजाभैया समेत सभी लोग दंग रह गए।
इस मुलाकात की चर्चा इसलिए भी हो रही है, क्योंकि कुछ समय पहले बृजभूषण शरण सिंह ने बाबा रामदेव को 'मिलावटखोरों का सम्राट' और 'नकली घी का सौदागर' बताया था। उनके बयान पर पतंजलि की ओर से मानहानि का मुकदमा दायर कर दिया गया था। इसके बाद भी बृजभूषण कई मौकों पर बाबा रामदेव और पतंजलि को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं।
50 करोड़ के मानहानि मुकदमे पर भी साधा था निशाना
उत्तर प्रदेश के बहराइच में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह कहा था कि वह मिलावटी और नकली सामान बनाने वालों का विरोध करते हैं। उनके खिलाफ 50 करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा दायर किया गया है। उन्होंने कहा था कि वह कुर्बानी देने को भी तैयार हैं, आगे जो होगा देखा जाएगा। बृजभूषण ने यह भी कहा था कि मामला केवल पतंजलि के घी तक सीमित नहीं है।
हाथरस और खनवर में भी साधा था निशाना
इससे पहले हाथरस में भी बृजभूषण शरण सिंह ने बाबा रामदेव पर तीखा हमला बोला था। पतंजलि की ओर से मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में दायर 50 करोड़ रुपये के मानहानि मुकदमे पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने बाबा रामदेव और उनके उत्पादों को लेकर आरोप लगाए थे।
बलिया में स्व. उमाशंकर सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे पूर्व सासंद ने कहा था कि केवल बाबा जैसी वेशभूषा पहनने से कोई बाबा नहीं हो जाता। रामदेव अब बाबा नहीं, उद्योगपति हो गए हैं। उन्होंने स्वदेशी और खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर भी सवाल उठाए थे। ऐसे में कुंडा की रामकथा में दोनों के बीच दिखी गर्मजोशी और बृजभूषण का बाबा रामदेव को गोद में उठाना पुराने विवाद के संदर्भ में चर्चा का विषय बन गया है।
