पीलीभीत टाइगर रिजर्व: पीटीआर में सफारी की एडवांस बुकिंग शुरू, मुख्यालय से करा सकेंगे आरक्षण
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में एक नवंबर से पर्यटन सत्र शुरू होगा। पर्यटकों की सुविधा के लिए सफारी वाहनों की एडवांस बुकिंग शुरू कर दी गई है। पर्यटक अब सात दिन पहले तक ऑफलाइन बुकिंग करा सकेंगे।
विस्तार
पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में एक नवंबर से शुरू होने वाले पर्यटन सत्र को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। पर्यटकों की सुविधा के मद्देनजर टाइगर रिजर्व मुख्यालय से सफारी वाहनों की एडवांस बुकिंग शुरू कर दी गई है। पर्यटक अब सात दिन पहले तक सफारी वाहन की ऑफलाइन बुकिंग करा सकेंगे। इस व्यवस्था के तहत करीब 50 फीसदी वाहनों की बुकिंग मुख्यालय से होगी। वहीं, पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस बार सभी सफारी वाहनों को जीपीएस से लैस किया जा रहा है। इससे मुख्यालय से वाहनों की ऑनलाइन निगरानी की जा सकेगी।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व का पर्यटन सत्र एक नवंबर से शुरू होगा। हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं। पर्यटकों को जंगल की सैर कराने के लिए जीनान और जिप्सी वाहनों का संचालन किया जाता है। इन वाहनों से पर्यटक चूका बीच समेत टाइगर रिजर्व के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंचते हैं। आगामी सत्र में कुल 95 सफारी वाहन संचालित किए जाएंगे। इनमें 28 जीनॉन और 67 जिप्सी शामिल हैं।
एडवांस बुकिंग की सुविधा
अब तक सफारी के लिए पर्यटकों को मुस्तफाबाद, महोफ और बराही गेट पर बने बुकिंग काउंटरों पर पहुंचना पड़ता था। पर्यटकों की संख्या अधिक होने पर उन्हें लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता था। कई बार वाहन उपलब्ध नहीं होने से मायूस होकर लौटना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए टाइगर रिजर्व प्रशासन ने मुख्यालय से एडवांस बुकिंग की सुविधा शुरू की है। इससे पर्यटक अपनी सफारी पहले से आरक्षित करा सकेंगे और गेटों पर होने वाली परेशानी से बच सकेंगे।
पर्यटन सत्र में टाइगर रिजर्व के तीन प्रवेश द्वारों से सफारी वाहनों का संचालन किया जाएगा। मुस्तफाबाद गेट से सबसे अधिक 30 वाहन चलेंगे। महोफ गेट से 10 और बराही गेट से सात वाहनों को सफारी के लिए निर्धारित किया गया है। पर्यटन सत्र के दौरान दो शिफ्टों में सफारी संचालित होगी।
निर्धारित व्यवस्था के अनुसार एक शिफ्ट में अधिकतम 47 वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। सफारी के दौरान वाहनों की लोकेशन और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सभी वाहनों में जीपीएस लगाए जाएंगे। इससे मुख्यालय से उनकी ऑनलाइन निगरानी की जा सकेगी। इसके अलावा भविष्य में सफारी वाहनों में कैमरे लगाने की भी तैयारी है। जरूरत पड़ने पर इन कैमरों की रिकॉर्डिंग देखकर संबंधित गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा सकेगी।
सफारी के दौरान ही खाना ऑर्डर कर सकेंगे पर्यटक
पीलीभीत टाइगर रिजर्व प्रशासन इस पर्यटन सत्र में पर्यटकों को बेहतर सफारी अनुभव देने के लिए नई पहल करने जा रहा है। इसके तहत सफारी वाहनों में कैंटीन का मेन्यू कार्ड उपलब्ध रहेगा। पर्यटक सफारी के दौरान ही अपनी पसंद का खाना ऑर्डर कर सकेंगे। नेटवर्क मिलते ही गाइड या चालक संबंधित गेट की कैंटीन तक ऑर्डर पहुंचा देंगे। इससे सफारी खत्म होने के बाद पर्यटकों को खाने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। साथ ही कैंटीन पर भीड़ जुटने की समस्या भी कम होगी।
पीटीआर के डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि पीलीभीत टाइगर रिजर्व में आगामी पर्यटन सत्र की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पर्यटकों की सुविधा के लिए मुख्यालय से सफारी वाहनों की एडवांस बुकिंग शुरू कर दी गई है। पर्यटकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए सभी सफारी वाहनों में जीपीएस लगाए जा रहे हैं, जिससे उनकी ऑनलाइन निगरानी की जा सकेगी।