{"_id":"6af5b3d605c1bec9330a41a9","slug":"watchman-brutally-beaten-2026-11-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"हाथरस: कुत्ता घुसने से रोका तो जूता व्यापारी ने चौकीदार को बेरहमी से पीटा, फिर परिजनों ने व्यापारी को पीट दिया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हाथरस: कुत्ता घुसने से रोका तो जूता व्यापारी ने चौकीदार को बेरहमी से पीटा, फिर परिजनों ने व्यापारी को पीट दिया
Thu, 12 Nov 2026 09:47 PM IST
Chaman Kumar Sharma
अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस
अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस
Published by: Chaman Kumar Sharma
Updated Thu, 12 Nov 2026 09:47 PM IST
पड़ोस में रहने वाले जूता व्यापारी का पालतू कुत्ता परिसर में घुस गया था, जिस पर चौकीदार ने आपत्ति जताई। व्यापारी ने चौकीदार को पीट दिया, जिससे उनके चेहरे से खून निकलने लगा। जानकारी पर शहर में काम करने वाले उनके बेटे व अन्य परिचित मौके पर पहुंच गए। उन्होंने गाली-गलौज कर रहे व्यापारी को पीट दिया।
विज्ञापन
दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई कर रही पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हाथरस में गेट बंद कॉलोनी में कुत्ता घुसने से रोकने पर पड़ोसी जूता व्यापारी ने चौकीदार को बेरहमी से पीट दिया। बुजुर्ग पिता से मारपीट की जानकारी पर चौकीदार के बेटे व परिचित वहां पहुंच गए और गाली-गलौज कर रहे व्यापारी की पिटाई कर दी। पुलिस के सामने हुए हंगामे से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों को हिरासत में लिया है। मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
गांव बबूल निवासी 65 वर्षीय ओमप्रकाश बीएच ऑयल मिल रोड पर एक गेट बंद परिसर के चौकीदार हैं। वे बर्तन व्यापारी के यहां काम करते हैं। उनके गोदाम व मकान की देखरेख करते हैं। इस परिसर में कुछ और मकान भी हैं। बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे परिसर के पड़ोस में रहने वाले जूता व्यापारी का पालतू कुत्ता परिसर में घुस गया था, जिस पर चौकीदार ने आपत्ति जताई और कहा कि वह गंदगी कर जाता है। आरोप है कि व्यापारी ने इस बात पर अभद्रता कर दी और कहा कि यदि गंदगी करेगा तो उसे चौकीदार ही साफ करेगा।
विज्ञापन
इस बात पर हुई कहासुनी के बाद व्यापारी ने ओमप्रकाश को पीट दिया, जिससे उनके चेहरे से खून निकलने लगा। जानकारी पर शहर में काम करने वाले उनके बेटे व अन्य परिचित मौके पर पहुंच गए। इधर, पीआरवी भी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस के सामने भी दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुई। पिता के चेहरे पर खून देख बेटे बौखलाए हुए थे। उन्होंने गाली-गलौज कर रहे व्यापारी को पीट दिया। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले। व्यापारी के भाई के कपड़े भी फट गए। बाद में पुलिस ने बीच बचाव कर मारपीट कर रहे युवकों को हिरासत में लिया। सीओ हिमांशु माथुर ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन