हाथरस: सामूहिक विवाह योजना में ठगी का खेल, मंच पर पिता ने खोली पोल, महंगाई-फाइल के नाम पर लिए 10 हजार
सामूहिक विवाह में एक पिता ने मंच पर पहुंचकर ठगी की पोल खोल दी। पीड़ित ने बताया कि फाइल और समूह से एक लाख रुपये दिलाने के नाम पर गांव के ही व्यक्ति ने उससे 10 हजार रुपये लिए थे, लेकिन शादी की तारीख नजदीक होने के बावजूद न तो नंबर आया और न ही आरोपी मिल रहा है।
विस्तार
हाथरस के समाज कल्याण विभाग की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में शनिवार को वसूली के खेल का खुलासा हुआ। एक बेटी के पिता ने मंच पर पहुंचकर अपने साथ ठगी की शिकायत की। पीड़ित का कहना था कि उससे आर्थिक सहायता और समूह के माध्यम से एक लाख रुपये दिलाने का झांसा देकर यह ठगी की गई। इस मामले से यह बात तो स्पष्ट हो गई कि योजना में बिचौलियों और कमीशनखोरी की जड़ें बहुत गहरी हैं।
ठगी से आहत पिता जब आंखों में आंसू भरकर जिलाधिकारी के सामने पहुंचा, तो योजना में चल रहे कथित कमीशन और दलालों के खेल की परतें खुलने लगीं। पीड़ित के अचानक सामने आने से आयोजन स्थल पर खलबली मच गई, जिसके बाद अधिकारियों को मंच से नीचे उतरकर उससे बात करनी पड़ी। गांव सिथरौली निवासी पीड़ित राजू ने बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति ने उनसे 10 हजार रुपये यह कहकर लिए थे कि वह उनकी फाइल तैयार करवा देगा, योजना के तहत बेटी की शादी करा देगा और समूह से एक लाख रुपये की मदद भी दिलवा देगा। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने पहले भी गांव में एक शादी कराने के एवज में 10 हजार रुपये लिए थे, इसी भरोसे में आकर उन्होंने भी रकम दे दी।
आरोपी ने महंगाई बढ़ने और फाइल प्रक्रिया का हवाला देकर रुपये ऐंठे थे, लेकिन अब तक न तो योजना में कोई नंबर आया और न ही रुपये लेने वाला व्यक्ति मिल रहा है।पीड़ित ने बताया कि उसके परिवार के सामने इसलिए गंभीर संकट है, क्योंकि दो दिसंबर को बेटी की शादी तय हो चुकी है। एक ओर शादी की तारीख नजदीक है और दूसरी ओर 10 हजार रुपये फंसने व आरोपी के गायब होने से परिवार की चिंताएं बढ़ गई हैं।
यह पूरा घटनाक्रम उस समय सामने आया, जब समारोह के मंच पर डीएम, एसपी के अलावा जिले के दो विधायक और एक एमएलसी मौजूद थे। जनप्रतिनिधि भी इस व्यक्ति की बात सुनकर दंग रह गए। उन्होेंने अधिकारियों से कहा कि इस मामले को गंभीरता से दिखवाएं और भविष्य में फिर किसी के साथ ऐसा न हो, यह सुनिश्चित करें। कार्यक्रम स्थल पर यह मामला चर्चा का विषय बना रहा।
समारोह में बिछड़ी बच्ची को परिजनों से मिलाया
स्टेडियम में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह के दौरान भीड़ में अपनी मां और परिजनों से बिछड़ी तीन साल की मासूम बच्ची को पुलिस ने उसके परिवार से मिला दिया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बच्ची से स्नेहपूर्वक बातचीत कर उसे सहज किया और परिजनों की तलाश करने के निर्देश दिए।
समारोह में करीब दो हजार लोगों की भीड़ के बीच ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को बच्ची अकेली मिली। पुलिसकर्मी उसे सुरक्षित भीड़ से बाहर निकालकर एसपी के पास ले गए। कम उम्र होने के कारण बच्ची अपने माता-पिता का नाम और अन्य जानकारी नहीं बता पा रही थी। इस पर एसपी ने बच्ची ने पैन से कलाकृति बनाकर अपना नाम बताया। इसके बाद बच्ची के परिजनों को तलाशा गया। एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि बच्ची को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
