सांड़ से टकराकर मिस्त्री की मौत: रेलवे स्टेशन से घर लौटते वक्त हादसा, पांच साल पहले पत्नी की हुई मृत्यु; मातम
छोटे भाई को ट्रेन पर बैठाने पीडीडीयू नगर आ रहे बाइक सवार मिस्त्री की सरेसर के पास सांड से टकराने के बाद मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल मिस्त्री को परिजन अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अलीनगर थाना के सरेसर गांव के पास शुक्रवार को देर शाम अचानक सड़क पर आए सांड से टकरा कर बाइक सवार टिकरवापर शिवगढ़ निवासी राकेश कुमार (38) की मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे सरवन कुमार (45) गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
क्षेत्र के टिकरवापर शिवगढ़ गांव निवासी शिव पूजन राम का पुत्र राकेश कुमार शुक्रवार की शाम छोटे भाई संत कुमार और सरवन कुमार के साथ पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर आए थे। संत कुमार को ट्रेन से कहीं जाना था। संत कुमार को ट्रेन पर सवार कराकर राकेश और सरवन घर वापस लौट रहे थे। अभी वे सरेसर गांव के समीप पहुंचे थे कि सामने सांड़ सड़क पार करने लगा।
राकेश ने ब्रेक लगाया लेकिन बाइक बेकाबू होकर सांड़ से टकराकर पलट गई। इस घटना में राकेश और सरवन गंभीर रूप से जख्मी हो गए। शोर सुनकर एकत्र ग्रामीणों ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने राकेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। सरवन कुमार का उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इस संबंध में अलीनगर थानाध्यक्ष गगनराज सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। शनिवार की शाम करीब पांच बजे पोस्टमार्टम के बाद राकेश का शव गांव पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया। परिजनों के साथ ग्रामीण भी इस हादसे से स्तब्ध नजर आए। पिता शिवपूजन राम, माता संतरा देवी, भाई वंशराज और संत कुमार सहित परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल रहा।
पांच साल पहले पत्नी की हुई थी मौत
राकेश कुमार गांव में ही ट्रैक्टर मिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। करीब पांच वर्ष पहले उनकी पत्नी मीरा देवी की मौत हो गई थी। इसके बाद वह अपनी दो बेटियों डोली (6) और छोटी (5) के साथ रह रहे थे। पिता की मौत से दोनों मासूम बेटियां अनजान हैं कि मां के बाद अब उनके सिर से पिता का साया भी उठ चुका है।