बरेली: चौबारी मेले में सजने लगीं दुकानें, 3.30 लाख रुपये का 'चेतक' बना आकर्षण का केंद्र
बरेली में रामगंगा तट पर चौबारी मेला शुक्रवार से शुरू हो जाएगा। 20 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले में दुकान सज गई हैं। नखासा (घोड़ा बाजार) आकर्षण का केंद्र है। घोड़ों के खरीदार नखासे में पहुंचने लगे हैं।
विस्तार
बरेली में रामगंगा तट पर चौबारी मेले की रौनक अब धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। मेले में दुकानें लगाई जा रही हैं। बाहर से व्यापारियों का पहुंचना भी शुरू हो गया है। मेले में इस बार टोरा-टोरा, हिंडोला, ब्रेक डांस झूला, रेंजर और ड्रैगन झूला लगाए गए हैं। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के लिए लखनऊ से कलाकार आएंगे।
24 नवंबर को होगा मुख्य स्नान
चौबारी मेला 20 से 28 नवंबर तक आयोजित होगा। 24 नवंबर को मुख्य स्नान होगा। मेले में बच्चों के लिए विभिन्न तरह के झूले लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा खानपान, घरेलू उपयोग की वस्तुओं और रोजमर्रा के सामान की दुकानें भी सजने लगी हैं। ढोलक और अन्य बाजार भी मेले के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहते हैं।
चौबारी मेले का मुख्य आकर्षण इसका नखासा (घोड़ा बाजार) होता है, जो इस बार भी अपनी रौनक बिखेर रहा है। मेले में आए घोड़ों को देखने व खरीदने के लिए दूर-दराज से लोग पहुंच रहे हैं। सेंथल से आए जाकिर ने बताया कि उनका सफेद रंग का चेतक घोड़ा 3.30 लाख रुपये की कीमत का है। घोड़ा मेले में आने वाले हर शख्स का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है।
सिल-बट्टा और चकिया की दुकानें भी लगी
पकौड़े और मिठाई बेचने वाले दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें सजानी शुरू कर दी हैं। मुरादाबाद से आए गौतम ने बताया कि वे पिछले 10 साल से मेले में सिल-बट्टा और चकिया बेचने आ रहे हैं। इस बार उन्होंने राजस्थान और मध्य प्रदेश से विशेष माल मंगवाया है। यहां बड़ी संख्या में ढोलक विक्रेता भी पहुंच चुके हैं।
