बरेली: केसर चीनी मिल की बिक्री का सौदा अटका, 66 करोड़ रुपये के चेक बाउंस, रद्द हो सकती है डील
बहेड़ी स्थित केसर चीनी मिल की बिक्री का सौदा भुगतान के स्तर पर अटक गया है। अवध फूड्स एंड मल्टीकेयर प्राइवेट लिमिटेड के 66 करोड़ रुपये के सभी चेक बाउंस हो गए हैं। अब संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया जाएगा।
विस्तार
बरेली के बहेड़ी स्थित केसर चीनी मिल की 431 करोड़ रुपये में बिक्री का सौदा भुगतान के स्तर पर अटक गया है। अवध फूड्स एंड मल्टीकेयर प्राइवेट लिमिटेड की ओर से दिए गए 66 करोड़ रुपये के सभी चेक बाउंस हो हो गए हैं। बैंक से पुष्टि के बाद मिल प्रबंधन और जिला प्रशासन के बीच मंथन जारी रहा। अब संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया जाएगा। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
किसानों के गन्ना मूल्य भुगतान के लिए दिए गए 55 करोड़ और मिल प्रबंधन को दिए गए 11 करोड़ रुपये के चेकों के बाउंस होने की अधिकृत पुष्टि बुधवार को मिल प्रबंधन को मिल गई। जानकारी उच्चाधिकारियों को मिली तो प्रशासनिक स्तर पर बैठकें हुईं। देर शाम जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने केसर मिल के सीईओ शरत मिश्रा जिला गन्ना अधिकारी दिलीप कुमार सैनी समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर ऐसी स्थिति में आगे होने वाली कार्रवाई और किसानों के भुगतान के लिए विकल्प तलाशने पर मंथन किया।
यह भी पढ़ें- बरेली: पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप के सपा में जाने की सुगबुगाहट तेज, आंवला में बदल सकता है सियासी गणित
चेक बाउंस होने के बाद बैंक की प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी करने पर करीब सप्ताहभर का समय मिलने की बात अधिकारियों ने कही है। इस अवधि में खरीदार के खाते में धनराशि उपलब्ध होने पर चेक फिर बैंक में लगाकर भुगतान की संभावना जताई है, पर इसके आसार कम ही हैं।
केसर मिल की देनदारी के मामले में प्रशासन मुड़िया मुकर्रमपुर स्थित मिल की कुर्क जमीन की नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर चुका था। 55 करोड़ रुपये के चेक और किसानों के भुगतान के आश्वासन के बाद नीलामी स्थगित की गई थी। चेक बाउंस होने की पुष्टि के बाद जिलाधिकारी ने मिल प्रबंधन और अफसरों के साथ बैठक में फिर कुर्क की गई भूमि को नीलाम कराने पर सहमति जता दी है।
मिल के प्रशासनिक भवन में किसानों का हंगामा
मंगलवार को चेक बाउंस की सूचना के बाद से ही आक्रोशित किसान बुधवार को मिल के प्रशासनिक भवन पहुंच गए। गन्ना समिति के सचिव राजीव सेठ को भी साथ लेकर गए थे। किसानों ने जमकर हंगामा किया और देनदारियों का भुगतान हर हाल में किए जाने की बात कही। भुगतान नहीं करने पर मिल प्रबंधन को उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
समिति के पूर्व डायरेक्टर ने एक्स पर किया पोस्ट
सहकारी गन्ना विकास समिति के पूर्व डायरेक्टर विनोद सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को टैग करते हुए एक्स पर पोस्ट कर बहेड़ी केसर मिल की बिक्री का चेक बाउंस होने की जानकारी दी है। लिखा है कि पूर्व में कुर्क भूमि की नीलामी क्यों रोकी गई। इसकी जांच की मांग की है।
केसर चीनी मिल के सीईओ शरत मिश्रा ने बताया कि चेक बाउंस होने की बैंक ने पुष्टि की है। बैठक में तय हुआ है कि पूर्व में टाली गई कुर्क भूमि की नीलामी फिर कराई जाएगी। जो भी रकम मिलेगी, उससे किसानों का भुगतान किया जाएगा।