बरेली: पोल्ट्री कारोबार को उड़ान देने की तैयारी, 40 करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर
बरेली में मंडलीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव में पोल्ट्री कारोबार को बढ़ावा देने के लिए करीब 40 करोड़ रुपये के निवेश के समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। विशेषज्ञों ने मुर्गीपालन में जैव सुरक्षा, रोगों से बचाव और वैज्ञानिक प्रबंधन की जानकारी दी।
विस्तार
पोल्ट्री कारोबार को बढ़ावा देने और पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बुधवार को मंडलीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव का आयोजन बुधवार को बरेली के सर्किट हाउस स्थित सभागार में किया गया। इस कॉन्क्लेव में करीब 40 करोड़ रुपये के निवेश के एमओयू पर प्रगतिशील पोल्ट्री फार्म संचालकों ने हस्ताक्षर किए। विशेषज्ञों ने मुर्गीपालन में जैव सुरक्षा, रोगों से बचाव, वैज्ञानिक प्रबंधन और वित्तीय सहायता के तौर-तरीकों की जानकारी दी।
मंडलायुक्त शंभू कुमार ने पोल्ट्री क्षेत्र की संभावनाओं को बढ़ाने और पशुपालकों को वैज्ञानिक तकनीक व वित्तीय सहायता से जोड़ने पर जोर दिया। पशुपालन विभाग के अपर निदेशक ग्रेड-2 मदन पाल सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया और अंत में आभार जताया। लखनऊ से आए पशुपालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने पोल्ट्री फार्मिंग और सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।
''जैव सुरक्षा और मुर्गीपालन प्रबंधन'' विषय पर एक विशेष सत्र आयोजित हुआ। इसमें विशेषज्ञों ने रोगों से बचाव के लिए जैव सुरक्षा मानकों और वैज्ञानिक प्रबंधन को महत्वपूर्ण बताया। आधुनिक तकनीक से मुर्गियों को बीमारियों से बचाने के साथ उत्पादन और गुणवत्ता में सुधार संभव है। केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिकों ने कुक्कुट पालन पर तकनीकी व्याख्यान दिया। वैज्ञानिक सिम्मी तोमर और मंजूर अहमद वानी ने पोल्ट्री फार्मिंग की बारीकियों से अवगत कराया। चारों जिलों के पशु चिकित्साधिकारियों ने मुर्गीपालन के विकास और तकनीकी सहयोग पर जानकारी दी।
सफलता की मिसाल बना 30 हजार लेयर क्षमता वाला फार्म
प्रेरणादायी सत्र में पीलीभीत के उद्यमी मोहम्मद शफीक अहमद ने अपनी सफलता की कहानी बताई। उन्होंने पुरनपुर पोल्ट्री फार्म के नाम से 30 हजार लेयर पक्षियों की क्षमता वाला आधुनिक फार्म स्थापित किया है। सरकारी योजनाओं, वैज्ञानिक प्रबंधन और निरंतर मेहनत से उन्होंने इस व्यवसाय को सफल बनाया।
बैंक ऋण और सरकारी योजनाओं की जानकारी
वित्तीय एवं ऋण प्रबंधन सत्र में मंडल के विभिन्न जनपदों से पहुंचे अग्रणी जिला प्रबंधकों ने जानकारी दी। उन्होंने पोल्ट्री फार्मिंग के लिए उपलब्ध सरकारी योजनाओं, बैंकिंग प्रक्रियाओं और सब्सिडी को समझाया। विशेषज्ञों ने बताया कि उचित वित्तीय प्रबंधन से किसान और उद्यमी अपने कारोबार को स्थापित करने के साथ उसका विस्तार भी कर सकते हैं।
