छठ पूजा 2026: बरेली में घाट से लेकर हाट तक छाई महापर्व की छटा, सूप-दउरा और फलों की हो रही खरीदारी
लोक आस्था का महापर्व छठ 13 नवंबर से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा। पर्व को लेकर बरेली में घाटों की सफाई शुरू हो गई है। बाजारों में पूजन सामग्री, सूप और फलों की दुकानें सज गई हैं। व्रती महिलाओं ने पूजा की तैयारियां तेज कर दी हैं।
विस्तार
बरेली में लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर घाटों की सफाई शुरू हो गई है। शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। बाजारों में पूजन सामग्री, सूप, दउरा, टोकरी और फलों की दुकानें सज गई हैं। व्रती महिलाओं और उनके परिवारों ने पूजा की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। खरीदारी के लिए लोग बाजार पहुंच रहे हैं। दुकानदारों ने भी पर्व को देखते हुए अपनी दुकानों पर छठ पूजा से जुड़ी सभी जरूरी सामग्री मंगा ली है।
शहर की न्यू मॉडल रेलवे कॉलोनी में छठ पूजा का बाजार सज गया है। आसपास के क्षेत्रों के लोग यहां पहुंचकर खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में टोकरी की कीमत 40 रुपये से शुरू हो रही है, जबकि सूप 150 से 200 रुपये तक बिक रहा है। नारियल 60 से 80 रुपये प्रति पीस और टकोतरा 60 रुपये प्रति पीस बिक रहा है। बाजार में केला, अनानास, किन्नू और सेब सहित विभिन्न फल उपलब्ध हैं। पूजा के लिए अलता पत्ता, सुहाग, शृंगार का सामान और साठी के चावल की खूब बिक्री हो रही है।
यह भी पढ़ें- पंच दीपोत्सव पर चमका बाजार: बरेली में 2065 करोड़ का कारोबार, ऑटोमोबाइल सेक्टर ने भरी रफ्तार, गहने भी खूब बिके
मिट्टी के चूल्हे की बढ़ी मांग
छठ पूजा के दौरान खरना का प्रसाद और अर्घ्य के लिए ठेकुआ बनाने में आम की लकड़ी का विशेष महत्व है। इसे देखते हुए बाजार में आम की लकड़ी और मिट्टी के चूल्हे की मांग बढ़ गई है। आम की लकड़ी 25 से 30 रुपये प्रति किलो बिक रही है।
दुकानदार विकास कुमार कुशवाहा ने बताया कि छठ पर्व की तैयारियां शुरू हो गई है। दुकानदार पुष्पा ने बताया कि बाजार में अलता पत्ता, सुहाग-शृंगार के सामान और साठी के चावल की अच्छी बिक्री हो रही है। जैसे-जैसे छठ पर्व नजदीक आएगा, बाजार में खरीदारों की भीड़ और बढ़ेगी।
13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा पर्व
पंडित राजेश शर्मा ने बताया कि छठ पूजा का महापर्व इस बार 13 नवंबर से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा। 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ व्रत की शुरुआत होगी। 14 को खरना होगा। 15 को अस्ताचलगामी तो 16 नवंबर को उगते सूर्य का अर्घ्य दिया जाएगा। इसी के साथ व्रत संपन्न होगा।