बरेली: दहेज में बुलेट बाइक और सोने की चेन न मिलने पर शादी से इन्कार, लड़की के पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
बरेली में एक युवक ने दहेज की मांग पूरी न होने पर शादी से इन्कार कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित पक्ष के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। लड़की के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विस्तार
बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर शादी टूटने और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने रिपोर्ट में बताया है कि उनकी पुत्री की शादी तय हुई थी और तिलक रस्म के बाद से लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी।
रिपोर्ट के अनुसार किसान ने अपनी बेटी की शादी जितेंद्र राठौर के साथ तय की थी। 22 मार्च 2026 को शीतला माता मंदिर नरियावल में तिलक और गोद भराई की रस्म पूरी हुई थी। इस दौरान दोनों पक्षों की सहमति से 12 दिसंबर को शादी की तारीख पक्की हुई थी। पीड़ित ने रस्मों और तैयारियों में अब तक 514500 रुपये खर्च कर दिए हैं।
दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और सोने की चेन मांगी
पीड़ित ने बताया कि तिलक और गोदभराई के कुछ महीने बाद दूल्हे के परिवार से सुखराम, ओमेंद्र और धर्मेंद्र उनके घर आए। उन्होंने घरेलू जरूरत बताकर दो लाख रुपये ले लिए, जो आगे के हिसाब में लगाने को कहा गया था। दिवाली से पहले एक नवंबर को दूसरे पक्ष के लोग फिर आए और कहा कि दूल्हा जितेंद्र बुलेट मोटरसाइकिल और दो तोला सोने की चेन की मांग कर रहा है। मांग पूरी न होने पर तय तिथि पर शादी करने से इन्कार कर दिया गया।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
आरोप है कि लड़की के पिता और अन्य लोग जब दूल्हा पक्ष के घर मांग न करने की विनती करने गए तो सभी ने इनसे बदसलूकी की। आरोपियों में जितेंद्र राठौर, ओमेंद्र, सुखराम, ज्ञानोदेवी और धर्मेंद्र शामिल हैं। मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने शादी करने से मना कर दिया और खर्चा वापस मांगने पर गालियां दीं। आरोपियों ने दोबारा आने और कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने जांच के बाद एफआईआर दर्ज कर ली है।
