शिक्षक एमएलसी चुनाव: बरेली-मुरादाबाद मंडल में 11 बजे तक 13.71 फीसदी मतदान, शिक्षक मतदाताओं में दिखा उत्साह
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से नौ जिलों के 105 मतदेय स्थलों पर मतदान शुरू हुआ। शाम चार बजे तक चलने वाले मतदान में 47,700 शिक्षक मतदाता बैलट पेपर से अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सुबह 11 बजे तक 13.71 फीसदी मतदान हो चुका था।
विस्तार
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान जारी है। शुक्रवार सुबह आठ बजे से निर्वाचन क्षेत्र के नौ जिलों में बनाए गए कुल 105 मतदेय स्थलों पर मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। रिटर्निंग ऑफिसर कमिश्नर शम्भू कुमार के अनुसार सुबह 11 बजे तक 13.71 फीसदी मतदान हो चुका था। बरेली के एमबी पोलिंग बूथ पर 11 बजे तक 81 और रिक्खी सिंह इंटर कालेज में 16 वोट पड़ चुके थे।
मीरगंज मतदान केंद्र पर कुल 224 मतदाता हैं। यहां 11 बजे तक तक 90 वोट पड़ चुके थे। मतदान को लेकर शिक्षिकाओं में उत्साह दिखा। शाम चार बजे तक 47,700 शिक्षक मतदाता बैलट पेपर से मतदान करेंगे। चुनावी मैदान में 17 प्रत्याशी हैं। मतदान को लेकर पोलिंग बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
बरेली-मुरादाबाद मंडल में 47,700 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 27,012 पुरुष और 20,688 महिला मतदाता हैं। सभी बूथों पर सुरक्षा बल की तैनाती की गई है। बरेली के रिटर्निंग ऑफिसर शंभू कुमार ने मतदान कार्मिकों को निष्पक्षता और सतर्कता से चुनाव कराकर मतपेटी निर्धारित प्रक्रिया से सुरक्षित रखने के लिए कहा है।
बदायूं में 10 बजे तक 13 प्रतिशत वोट पड़े
बदायूं के उप जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सबसे ज्यादा वोट बिल्सी बूथ पर 22 प्रतिशत पड़े हैं। यहां पर 309 में से 70 वोट पड़े हैं। जबकि सबसे कम वोट आसफपुर बूथ पर पड़े हैं। यहां 133 में से सिर्फ 6 वोट दस बजे तक पड़े। जिले के सभी बूथों पर कुल 13 प्रतिशत वोट पड़े हैं।
शाहजहांपुर में 10 बजे तक 14.13 प्रतिशत मतदान
शाहजहांपुर जिले में सुबह दस बजे तक 14.13 प्रतिशत मतदान हो चुका था। जिले में मतदान के लिए 14 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह और एसपी सौरभ दीक्षित ने नगर निगम कार्यालय में बने मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। डीएम ने बताया कि प्रत्येक मतदेय स्थल पर एक पीठासीन अधिकारी, तीन मतदान अधिकारी और एक माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति की गई है। मतदान को लेकर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। जिले में कुल 4825 मतदाता हैं।
बरेली में 6,763 शिक्षक मतदाता डालेंगे वोट
सहायक निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह के मुताबिक, बरेली में 6,763 (3,599 पुरुष और 3,164 महिला) शिक्षक मतदाता हैं। जिले के 25 बूथों पर एक पीठासीन अधिकारी और तीन मतदान कर्मियों की तैनाती है। प्रत्येक बूथ पर एक माइक्रो ऑब्जर्वर और एक वीडियोग्राफर भी तैनात रहेगा। मतदान स्थल में मोबाइल फोन प्रतिबंधित है।
कहां कितने मतदाता करेंगे मतदान
अमरोहा में सात बूथों पर 5814, संभल के सात बूथों पर 3497, बदायूं के 10 बूथों पर 3934, शाहजहांपुर में 14 बूथों पर 4825, रामपुर में छह बूथों पर 3226 बिजनौर के 13 बूथों पर 8442, मुरादाबाद में 12 बूथों पर 7696, पीलीभीत में 11 बूथों पर 3502 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
भाजपा, सपा में टक्कर, शर्मा गुट भी कतार में
चुनाव में भाजपा से डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, सपा से हाजी दानिश अख्तर प्रत्याशी हैं। शर्मा गुट से संजय कुमार मिश्रा निर्दलीय प्रत्याशी हैं। अन्य 14 निर्दलीय प्रत्याशियों में राजेंद्र कुमार गंगवार, रेनू मिश्रा, राज कुमार सिंह, हरेंद्र सिंह, विमलेंद्र कुमार शर्मा, राजीव कुमार, नरेश कुमार शर्मा, रमेश चंद्र, बहार आलम, रोहित अल्ताफ, विद्युत कुमार, डॉ. सुनीत गिरि, नाज रिजवी, नेत्रपाल भी मैदान में हैं।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि शांतिपूर्वक चुनाव कराने के लिए पुख्ता व्यवस्था की गई है। सेक्टर व जोन बनाकर ड्यूटी लगाई गई है। किसी ने चुनाव में गड़बड़ी करने की कोशिश की तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।