फुल स्टोरेज और बैकअप फेल से हैं परेशान?: व्हाट्सएप के इस टूल से मिनटों में खाली करें स्पेस; जानें आसान तरीका
अगर आपके फोन में बार-बार स्टोरेज इज फुल का मैसेज आ रहा है या क्लाउड पर व्हाट्सएप बैकअप फेल हो रहा है, तो इसकी सबसे बड़ी वजह जमा भारी-भरकम फाइल्स और फॉरवर्डेड मीडिया हो सकती हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि व्हाट्सएप के इन-बिल्ट स्टोरेज मैनेजर टूल से बिना किसी थर्ड-पार्टी एप के स्पेस खाली किया जा सकता है। आइए जानते हैं कैसे...

विस्तार
रोज के आने वाले गुड मॉर्निंग मैसेजेस, फैमिली फोटोज, लंबे वीडियो और ऑफिस डॉक्यूमेंट्स की वजह से फोन का इंटरनल स्टोरेज और क्लाउड कोटा बहुत तेजी से भरने लगता है। इसके चलते अक्सर दो बड़ी समस्याएं सामने आती हैं, पहला, फोन में स्पेस खत्म होना, जिससे स्क्रीन पर बार-बार Storage is Full वाला अलर्ट दिखने लगता है, और दूसरा, क्लाउड बैकअप का फेल होना। गूगल ड्राइव या आईक्लाउड पर जगह कम पड़ते ही आपके नए और जरूरी डेटा का बैकअप अचानक रुक जाता है।
व्हाट्सएप स्टोरेज मैनेजर क्या है?
- व्हाट्सएप का स्टोरेज मैनेजर एक इन-बिल्ट टूल है, जिसे आप एप की सेटिंग्स में जाकर इस्तेमाल कर सकते हैं। यह आपको व्हाट्सएप और उसके मीडिया से जुड़े डेटा के स्टोरेज इस्तेमाल की जानकारी देता है।
- यह फीचर एंड्रॉयड और आईओएस दोनों डिवाइस पर उपलब्ध है। इसके जरिए आप देख सकते हैं कि आपके डिवाइस में कितनी स्टोरेज बची है और व्हाट्सएप से जुड़ी कौन सी फाइलें ज्यादा जगह घेर रही हैं।
व्हाट्सएप स्टोरेज मैनेजर के फायदे क्या हैं?
- क्लियर विजिबिलिटी:यह दिखाता है कि व्हाट्सएप मीडिया ने कुल कितना स्पेस घेरा है और फोन में कितनी फ्री मेमोरी बची है।
- 5MB से बड़ी फाइल्स की पहचान: यह 5MB से बड़े साइज वाली फाइल्स को एक जगह लिस्ट कर देता है।
- फॉरवर्डेड मैसेजेस की छंटनी:बार-बार ग्रुप्स में शेयर किए गए फॉरवर्डेड मैनी टाइम्स वीडियो और फोटोज को पहचानकर डिलीट करना आसान बनाता है।
- स्मूद डिवाइस माइग्रेशन: बैकअप का साइज छोटा होने से नए फोन में डेटा ट्रांसफर करने में कम समय लगता है।
व्हाट्सएप स्टोरेज खाली करने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका क्या है?
एप खोलें और सेटिंग्स में जाएं:
- अगर आप एंड्रॉयड यूजर हैं, तो आपके व्हाट्सएप पर ऊपर दाएं कोने में बने थ्री-डॉट मेन्यू पर टैप करके सेटिंग्स में जाना होगा।
- आईफोन यूजर्स नीचे मेन्यू बार में बने 'यू' आइकॉन (प्रोफाइल) पर टैप करके सेटिंग्स में जाएं।
स्टोरेज मैनेजर तक पहुंचें:
- सेटिंग्स में नीचे स्क्रॉल करें और स्टोरेज एंड डाटा पर टैप करें। इसके बाद सबसे ऊपर दिख रहे मैनेज स्टोरेज विकल्प को चुनें।
बड़ी फाइल्स डिलीट करें:
यहां आपको बड़ी फाइल्स दिख जाएंगी, जो ज्यादा स्पेस घेरे हैं। जैसे Larger than 5MB, अब इस वाले सेक्शन पर टैप करें। जिन फाइल्स की जरूरत नहीं है, उन्हें सेलेक्ट करके डिलीट करें (सभी फाइल्स हटाने के लिए ऊपर सेलेक्ट ऑल चुन सकते हैं)।
फॉरवर्डेड मैसेजेस साफ करें:
वापस मैनेज स्टोरेज पेज पर आएं औरफॉरवर्डेड मैनी टाइम्स सेक्शन में जाएं। यहां अलग-अलग ग्रुप्स से मिले डुप्लिकेट वीडियो, ऑडियो या डॉक्यूमेंट्स को सेलेक्ट करके हटा दें।
चैट-वाइज क्लीनअप (ऑप्शनल):
- यदि आप और स्पेस बचाना चाहते हैं, तो नीचे दिख रही इंडिविजुअल चैट्स की लिस्ट पर जाएं और ज्यादा स्पेस घेरने वाली चैट का मीडिया अलग से डिलीट करें।
- यहां पर एक बात का जरूर ध्यान रखें कि व्हाट्सएप स्टोरेज मैनेजर से डिलीट की गई फाइल्स आपके फोन की गैलरी और फाइल मैनेजर से भी हमेशा के लिए हट जाती हैं। इसलिए फाइल्स डिलीट करने से पहले उन्हें ध्यान से चेक कर लें।
स्टोरेज फुल होने से बचाने के टिप्स
- मीडिया ऑटो-डाउनलोड बंद करें:इसके लिए आपको सेटिंग्स पर क्लिक करके स्टोरेज एंड डाटा में जाना होगा, वहां से वेन यूजिंग मोबाइल डाटा और वेन कनेक्टेड ऑन वाई-फाई में सभी मीडिया डाउनलोड बंद करना होगा। इससे जब आप कुछ डाउनलोड के लिए टैप करेंगे, तभी वह फाइल, वीडियो या फोटो डाउनलोड होगी।
- डिसअपीयरिंग मैसेज का उपयोग करें:जिन ग्रुप्स या चैट्स की फाइल्स लंबे समय तक काम की नहीं होतीं, उनमें डिस्पेयरिंग मैसेजेस फीचर ऑन कर दें।