जल्द बदल सकता है व्हाट्सएप चलाने का अंदाज: चैट में मिलेंगी पांच नई थीम कैटेगरीज; क्या-क्या होगा इनमें खास?
व्हाट्सएप अपने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए चैट कस्टमाइजेशन का नया अनुभव लाने की तैयारी में है। एक बीटा टेस्टिंग के दौरान सामने आए इस फीचर में यूजर्स को डूडल, मिनिमल, लाइव नेचर और वॉलपेपर जैसे पांच कैटेगरीज मिलेंगी। क्या इससे चैट का लुक पूरी तरह बदला जा सकेगा? जानिए इस लेख में...

विस्तार
व्हाट्सएप एंड्रॉयड यूजर्स के चैटिंग का अंदाज बदलने वाला है। कंपनी एंड्रॉयड बीटा टेस्टर्स के लिए एक नया चैट थीम्स कस्टमाइजेशन फीचर टेस्ट कर रही है। इस नए अपडेट के आने के बाद यूजर्स अलग-अलग कैटेगरीज में से अपनी पसंद का थीम और वॉलपेपर चुन सकेंगे।इसके तहत यूजर्स को चैट के लुक को कस्टमाइज करने के लिए ज्यादा विकल्प मिल सकते हैं।
WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, यह नया थीम एक्सपीरियंस व्हाट्सएप एंड्रॉयड बीटा वर्जन्स 2.26.37.6 पर कुछ सीमित बीटा टेस्टर्स को दिया जा रहा है। यह थीम स्ट्रक्चर काफी हद तक वैसा ही है जैसा हाल ही में iOS (iPhone) पर देखा गया था। आइए जानते हैं कि इस नए अपडेट में यूजर्स को क्या-क्या खास फीचर्स और कैटेगरीज मिलने वाली हैं...
पांच कैटेगरी में मिलेंगी चैट थीम्स
WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाट्सएप के एंड्रॉयड वर्जन 2.26.37.6 पर कुछ बीटा टेस्टर्स को नया थीम एक्सपीरियंस मिलना शुरू हुआ है। इसमें वही थीम स्ट्रक्चर देखने को मिल रहा है, जो पहले आईओएस पर देखा गया था। हालांकि, फिलहाल इसका रोलआउट सीमित है। इसका मतलब है कि व्हाट्सएप के सभी एंड्रॉयड बीटा टेस्टर्स को अभी ये विकल्प नहीं मिलेंगे। चैट थीम पिकर में एक फीचर्ड सेक्शन भी शामिल हो सकता है। इसमें अलग-अलग कैटेगरी से चुने गए डिजाइन दिखाए जा सकते हैं।
डूडल से नेचर तक मिलेंगे अलग-अलग डिजाइन
- रिपोर्ट के मुताबिक नेचर कैटेगरी में जंगल, पहाड़, तटीय दृश्य और रेगिस्तान जैसे आउटडोर सीन्स वाले डिजाइन मिल सकते हैं।
- वहीं मिनिमल कैटेगरी में सिंपल बैकग्राउंड्स होंगे, जबकि डूडल में व्हाट्सएप के परिचित डूडल पैटर्न वाले डिजाइन देखने को मिल सकते हैं।
- लाइवकैटेगरी सबसे अलग हो सकती है। इसमें धीमी एनिमेशन वाले वॉलपेपर्स शामिल किए जा सकते हैं, जो चैट बैकग्राउंड में हल्की मूवमेंट दिखाएंगे।
वॉलपेपर और पूरी थीम में कर सकेंगे अलग-अलग बदलाव
- नए अपडेट में व्हाट्सएप वॉलपेपर को पूरी चैट थीम से अलग करने की सुविधा भी दे सकता है। इसका मतलब है कि यूजर्स बिना पूरा चैट थीम बदले सिर्फ बैकग्राउंड बदल सकेंगे।
- एप के वॉलपेपर सेक्शन में भी चैट थीम्स जैसी कैटेगरी मिल सकती हैं। इसके अलावा यहां वाइब्रेंट और ग्रेडिएंट जैसे नए विकल्प भी देखने को मिल सकते हैं।
अपनी फोटो से लेकर एआई वॉलपेपर तक
यूजर्स अपनी गैलरी से कोई तस्वीर चुनकर उसे चैट वॉलपेपर के तौर पर इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके अलावा व्हाट्सएप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से नए वॉलपेपर बनाने का विकल्प भी दे सकता है। इससे यूजर्स अपनी पसंद के हिसाब से चैट का बैकग्राउंड तैयार कर सकेंगे।
लाइव वॉलपेपर में दिखेगा एनिमेशन
लाइव कैटेगरी चैट थीम्स और वॉलपेपर, दोनों सेक्शन में दिखाई दे सकती है। इसमें शामिल एनिमेटेड वॉलपेपर धीमी मूवमेंट दिखाएंगे। स्टैटिक वॉलपेपर से अलग पहचान बताने के लिए इनके थंबनेल पर एक अलग बैज भी दिखाया जा सकता है।
थीम के हिसाब से अपने आप चुना जा सकता है बबल कलर
- रिपोर्ट के अनुसार व्हाट्सएप एक और फीचर पर काम कर रहा हो सकता है, जिसमें चुने गए थीम और वॉलपेपर के आधार पर मैसेज बबल का कलर अपने आप चुना जा सकता है।
- एप ऐसा रंग सुझा सकता है जिससे चैट में लिखे मैसेज आसानी से पढ़े जा सकें। इससे अलग-अलग बैकग्राउंड के साथ टेक्स्ट की विजिबिलिटी बेहतर रखने में मदद मिल सकती है।
फिलहाल ये बदलाव एंड्रॉयड बीटा टेस्टर्स के सीमित ग्रुप के लिए टेस्ट किए जा रहे हैं। इसलिए यह साफ नहीं है कि सभी यूजर्स के लिए ये फीचर्स कब उपलब्ध होंगे। व्हाट्सएप टेस्टिंग के दौरान फीचर्स में बदलाव कर सकता है या कुछ विकल्पों को हटाया भी जा सकता है।