ट्राई का आदेश: MNP पर अब नहीं मिलेंगे आकर्षक ऑफर, ग्राहकों को लुभाने वाले टैरिफ भी बंद हों
ट्राई का कहना है कि सभी टैरिफ प्लान नियामक द्वारा तय किए गए नियमों के मुताबिक होने चाहिए। ट्राई का कहना है कि यह आदेश तमाम टेलीकॉम कंपनियों से मिली शिकायतों के बाद जारी किया गया है।

विस्तार
टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी (MNP) के साथ मिलने वाले आकर्षक ऑफर पर रोक लगा दी है। इसके अलावा ट्राई ने तमाम टेलीकॉम से कहा है कि वे तत्काल प्रभाव से एमएनपी के लिए जारी किए जाने नए-नए टैरिफ बंद करें। ट्राई का कहना है कि एमएनपी के जरिए आने वाले ग्राहकों के लिए अलग-अलग टैरिफ का होना उचित नहीं है। ट्राई ने यह भी कहा है कि टेलीकॉम कंपनियां कोई भी ऐसा ऑफर पेश नहीं कर सकती हैं जिसकी जानकारी रेगुलेटर यानी नियामक को नहीं है।
ट्राई का कहना है कि सभी टैरिफ प्लान नियामक द्वारा तय किए गए नियमों के मुताबिक होने चाहिए। ट्राई का कहना है कि यह आदेश तमाम टेलीकॉम कंपनियों से मिली शिकायतों के बाद जारी किया गया है। ट्राई ने कहा है कि कई टेलीकॉम कंपनियां अपने एमएनपी ग्राहकों को ऐसे टैरिफ प्लान दे रही थीं जिनके बारे में नियामक को कोई जानकारी नहीं थी।
ट्राई के इस आदेश पर टेलीकॉम कंपनियों का कहना है कि वे खुद इस तरह का कोई ऑफर ग्राहकों को नहीं दे रही हैं। हो सकता है कि कंपनियों के चैनल पार्टनर या थर्ड पार्टी ऑपरेटर कमीशन के चक्कर में टेलीकॉम कंपनियों की जानकारी के बिना ऑफर दे रहे हों। ट्राई ने साफतौर पर कहा है कि एमएनपी या टैरिफ प्लान में किसी भी तरह की गड़बड़ी के लिए टेलीकॉम कंपनियां जिम्मेदार होंगी।