Sarvam AI: देश का पहला स्वदेशी एआई मॉडल बनाएगा स्टार्टअप 'सर्वम', केंद्र सरकार ने किया चयन
सर्वम ने बताया कि उनका मॉडल तार्किक क्षमता से लैस होगा, वॉयस पर केंद्रित रहेगा और भारतीय भाषाओं में प्रवीणता के साथ तैयार किया जाएगा। यह मॉडल जनसंख्या-स्तरीय उपयोग के लिए तैयार किया जाएगा।

विस्तार
भारत सरकार ने बेंगलूरू आधारित स्टार्टअप सर्वम (Sarvam) को देश का पहला स्वदेशी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM) विकसित करने के लिए चुना है। यह कदम चीन के सस्ते मॉडल DeepSeek की वैश्विक धूम के बीच उठाया गया है। सर्वम को 67 आवेदकों में से चुना गया है और सरकार की तरफ से मॉडल बनाने के लिए कम्प्यूट संसाधनों का समर्थन मिलेगा।
Sarvam भारत के महत्वाकांक्षी 10,370 करोड़ रुपये के IndiaAI मिशन के तहत पहली ऐसी स्टार्टअप कंपनी है जिसे आधिकारिक रूप से स्वीकृति दी गई है। सरकार फिलहाल सैकड़ों अन्य प्रस्तावों का भी मूल्यांकन कर रही है। सर्वम ने बताया कि उनका मॉडल तार्किक क्षमता से लैस होगा, वॉयस पर केंद्रित रहेगा और भारतीय भाषाओं में प्रवीणता के साथ तैयार किया जाएगा। यह मॉडल जनसंख्या-स्तरीय उपयोग के लिए तैयार किया जाएगा।
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, सरकार की तरफ से सर्वम को 4,000 ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट्स (GPUs) छह महीनों के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि वह अपने मॉडल को तैयार और प्रशिक्षित कर सके। ये GPUs उन कंपनियों के जरिए उपलब्ध कराए जाएंगे जिन्हें भारत में एआई डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए चुना गया है।