फेसबुक और रिलायंस जियो के बीच 43,574 करोड़ की डील का मतलब क्या है? 10 प्वाइंट्स में समझें

प्रदीप पाण्डेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीप्रदीप पाण्डेय
Wed, 22 Apr 2020 12:56 PM IST
Relinace Jio Facebook Deal: JioMart to use WhatsApp payment, Know details in 10 points about this deal
mukesh ambani mark zuckerberg - फोटो : social media

    रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड, जियो प्लेटफॉर्म लिमिटेड और फेसबुक इंक ने एक बाइंडिंग अग्रीमेंट पर हस्ताक्षर की घोषणा की है जिसके मुताबिक फेसबुक ने जियो प्लेटफॉर्म में 43,574 करोड़ रुपये यानी 6.22 अरब डॉलर का निवेश किया है।

    फेसबुक के इस निवेश के बाद जियो में फेसबुक को 9.99 फीसदी की हिस्सेदारी मिलेगी। फेसबुक और जियो के बीच इस डील को भारत के टेक्नोलॉजी सेक्टर में अब तक का सबसे बड़ा विदेशी निवेश कहा जा रहा है। इस निवेश के बाद जियो भारत की 5 सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनियों में से एक बन गई है। आइए जानते हैं इस डील के बारे में विस्तार में...

    1. इस डील के बाद जियो में फेसबुक की 9.99 फीसदी हिस्सेदारी होगी। फेसबुक और रिलायंस जियो के बीच यह डील 6.22 अरब डॉलर यानी 43,574 करोड़ रुपये में हुई है। भारत की किसी टेक्नोलॉजी कंपनी में यह अब तक का सबसे बड़ा निवेश है।
    2. इस निवेश के बाद जियो प्लेटफॉर्म्स, रिलायंस रीटेल लिमिटेड (रिलायंस रीटेल) और व्हाट्सएप के बीच भी एक व्यावसायिक पार्टनरशिप समझौता हो गया है। इसके अनुसार रिलायंस रीटेल अपना न्यू कॉमर्स व्यवसाय व्हाट्सएप की मदद से जियोमार्ट के प्लेटफॉर्म पर कर सकेगा।
    3. देश के करोड़ों किसान और व्यापारी ठीक उसी तरह जियोमार्ट से जुड़ सकेंगे जिस तरह वे अमेजन, फ्लिपकार्ट, ग्रोफर्स और बिगबास्केट के साथ जुड़े हैं।
    4. जियोमार्ट के जरिए बिजनेस कर रहे किसान व्हाट्सएप पेमेंट के जरिए पेमेंट ले और दे सकेंगे। जियोमार्ट पर डिजिटल पेमेंट के लिए व्हाट्सएप पेमेंट का इस्तेमाल होगा।
    5. फेसबुक के लिए दुनिया का सबसे बड़ा बाजार भारत है। भारत में फेसबुक के स्वामित्व वाले व्हाट्सएप के 40 करोड़ यूजर्स हैं। ऐसे में जियो के साथ यह डील फेसबुक के लिए फायदे वाली है।
    6. जियोमार्ट को कुछ महीने पहले ही अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसी कंपनियों के मुकाबले पेश किया गया है, लेकिन पूरे भारत में इसकी लॉन्चिंग अभी बाकि है।
    7. व्हाट्सएप ने साल 2018 में भारत में छोटे व्यापारियों की मदद के लिए व्हाट्सएप बिजनेस एप लॉन्च किया था। जियो के साथ पार्टनरशिप के बाद व्हाट्सएप के बिजनेस एप में भी कुछ बदलाव किए जा सकते हैं।
    8. किसी भी अन्य देश के मुकाबले व्हाट्सएप के भारत में अधिक यूजर्स तो हैं लेकिन कंपनी को अभी तक इस एप से कमाई नहीं हो रही है। अपनी कमाई के लिए व्हाट्सएप ने डिजिटल पेमेंट सर्विस व्हाट्सएप पे शुरू किया है लेकिन फिलहाल इसकी टेस्टिंग ही चल रही है। इस डील से व्हाट्सएप पेमेंट से कंपनी की कमाई का रास्ता साफ हो गया है।
    9. यह डील जियोमार्ट को अमेजन और फ्लिपकार्ट के खिलाफ एक मजबूत प्रतियोगी बनाने में मदद करेगा। इस डील से ऑनलाइन ग्रॉसरी डिलिवरी कंपनियों जैसे बिगबास्केट और ग्रोफर्स की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
    10. रिलायंस के मुताबिक इस डील का फायदा भारत के 6 करोड़ माइक्रो, छोटे और मंझोले व्यवसायों, 12 करोड़ किसानों, 3 करोड़ छोटे दुकानदारों और इंफॉर्मल सेक्टर के लाखों छोटे और मंझोले व्यवसायों को होगा।
    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें