जीटीए-6: रिलीज से पहले ही 50 लाख लोगों ने किया बुक, आखिर क्यों इस वीडियो गेम सीरीज की दीवानी है दुनिया?
जीटीए 6 आगामी 19 नवंबर 2026 को प्लेस्टेशन 5 और एक्सबॉक्स पर रिलीज होने जा रहा है। रिलीज से पहले ही इस गेम को 50 लाख से ज्यादा प्री-ऑर्डर मिल चुके हैं। जीटीए दुनिया भर में सबसे ज्यादा खेले जाने वाले वीडियो गेम्स में शामिल है। आखिर इस गेम की लोकप्रियता का क्या राज है? आइए जानने की कोशिश करते हैं...

विस्तार
गेमिंग की दुनिया में जब भी किसी सबसे लोकप्रिय और प्रभावशाली गेम का नाम लिया जाता है, तो ग्रैंड थेफ्ट ऑटो (Grand Theft Auto) यानी GTA का नाम हमेशा सबसे ऊपर आता है। वर्षों के लंबे इंतजार के बाद अब रॉकस्टार गेम्स (Rockstar Games) ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-6 (GTA 6) को 19 नवंबर 2026 को प्लेस्टेशन 5 (PlayStation 5) और एक्सबॉक्स सीरीज एस/एक्स (Xbox Series S/X) पर रिलीज करने जा रहा है। रिलीज से पहले ही इस गेम को लेकर खिलाड़ियों के बीच गजब का क्रेज देखने को मिल रहा है।
हाल ही में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुए इसके एक्सटेंडेड लुक (गेमप्ले ट्रेलर) को महज कुछ ही दिनों में करीब 3.11 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस गेमिंग सीरीज में ऐसा क्या खास है जो यह पूरी दुनिया में इतना ज्यादा पॉपुलर है? आइए विस्तार से जानते हैं इस गेमिंग फ्रेंचाइजी का इतिहास और इससे जुड़े हैरान करने वाले आंकड़े।
कैसे हुई थी 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो' की शुरुआत?
- ग्रैंड थेफ्ट ऑटो की शुरुआत आज से लगभग तीन दशक पहले साल 1997 में हुई थी। शुरुआत में यह एक टू-डी (2D) गेम था, जिसमें खिलाड़ियों को ऊपर से नीचे का व्यू मिलता था। लेकिन इस गेमिंग सीरीज में असली क्रांति साल 2001 में 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो III' के साथ आई। इस गेम ने गेमिंग की दुनिया को थ्री-डी (3D) ओपन वर्ल्ड का बिल्कुल नया और अलग अनुभव दिया।
- इसके बाद आए वाइस सिटी (Vice City) और सैन एंड्रियाज (San Andreas) जैसे गेम्स ने इसे दुनिया भर में घर-घर में मशहूर कर दिया। साल 2008 में GTA IV और 2013 में आए GTA V ने ग्राफिक्स, कहानी और गेमप्ले के मामले में गेमिंग इंडस्ट्री के सारे पुराने पैमाने बदल कर रख दिए।
क्या है GTA की बेतहाशा लोकप्रियता का राज?
- इस गेम की सबसे बड़ी खूबी इसका ओपन वर्ल्ड (Open World) कॉन्सेप्ट है। ज्यादातर वीडियो गेम्स में आपको एक तय रास्ते और नियमों के साथ चलना होता है, लेकिन GTA खिलाड़ियों को अपनी मर्जी का मालिक बनने की पूरी आजादी देता है। आप गेम के विशाल और जीवंत शहरों में कहीं भी जा सकते हैं, अपनी पसंद की कोई भी गाड़ी चला सकते हैं, पुलिस से बचकर भाग सकते हैं, या बस यूं ही घूम सकते हैं। गेम की कहानियां हॉलीवुड की किसी बेहतरीन क्राइम-थ्रिलर फिल्म से कम नहीं होतीं। इसमें एक्शन, रेसिंग, और शानदार डायलॉग्स का बेजोड़ संगम मिलता है।
- इसके अलावा, गेम के अंदर चलने वाले रेडियो स्टेशन इसे एक अलग ही फील देते हैं। साल 2013 के बाद से GTA ऑनलाइन (GTA Online) ने इसकी लोकप्रियता में चार चांद लगा दिए, जहां दुनिया भर के खिलाड़ी एक साथ मिलकर खेल सकते हैं। यही वजह है कि एक बार इसे खेलना शुरू करने के बाद खिलाड़ी घंटों तक स्क्रीन से चिपके रहते हैं।
GTA 5 के ऐतिहासिक आंकड़े और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स
- अगर हम इस गेम की सफलता को आंकड़ों के नजरिए से देखें, तो यह किसी हॉलीवुड ब्लॉकबस्टर फिल्म से कम नहीं है। साल 2013 में रिलीज हुए ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-5 (GTA 5) ने रिलीज होने के 24 घंटे के भीतर ही 1.12 करोड़ से ज्यादा कॉपियां बेच डाली थीं और 815.7 मिलियन डॉलर की बंपर कमाई की थी। केवल तीन दिन में ही इस गेम ने 1 बिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर लिया था।
- अपनी इस ऐतिहासिक सफलता के कारण GTA 5 ने छह गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स (Guinness World Records) अपने नाम किए। इनमें 24 घंटे में सबसे ज्यादा बिकने वाला वीडियो गेम, और सबसे तेजी से 1 बिलियन डॉलर कमाने वाला एंटरटेनमेंट प्रोडक्ट होने का रिकॉर्ड शामिल है। साल 2026 की शुरुआत तक दुनिया भर में अकेले GTA 5 की 22.5 करोड़ से ज्यादा कॉपियां बिक चुकी हैं। वहीं, पूरी ग्रैंड थेफ्ट ऑटो फ्रेंचाइजी की बात करें तो अब तक इसके 47 करोड़ से ज्यादा गेम्स बेचे जा चुके हैं।
GTA 6 से जुड़ी जबरदस्त उम्मीदें
- अब पूरी दुनिया की नजरें ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-6 पर टिकी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लॉन्च से पहले ही इस गेम को लगभग 50 लाख प्री-ऑर्डर मिल चुके हैं। इससे रॉकस्टार गेम्स को गेम रिलीज होने से पहले ही करीब 446 मिलियन डॉलर की शानदार कमाई हो चुकी है। इस बार गेम में जेसन और लूसिया नाम के दो मुख्य किरदार नजर आएंगे, जो एक साथ मिलकर मिशन को अंजाम देंगे।
- ग्रैंड थेफ्ट ऑटो मॉडर्न एंटरटेनमेंट और पॉप कल्चर का एक बेहद अहम हिस्सा बन चुका है। अब देखना यह बहुत दिलचस्प होगा कि आगामी 19 नवंबर को रिलीज होने के बाद GTA 6 गेमिंग की दुनिया में और कौन से नए रिकॉर्ड बनाता है।
- मेटा स्मार्ट ग्लास: अब नोटिफिकेशन लाइट को छिपाकर नहीं बना सकते वीडियो, बढ़ रहे प्राइवेसी उल्लंघन के मामले
- एपल: आईफोन 18 प्रो सीरीज की बुकिंग कब से होगी शुरू? सामने आई प्री-ऑर्डर डेट
- वीवो वाई31टी 5जी भारत में लॉन्च: 7200 एमएएच बैटरी और 120 हर्ट्ज स्क्रीन से लैस; जानें कीमत और फीचर्स
- एंड्रॉयड ड्रॉप: गूगल लाया 5 धांसू फीचर्स, सफर में उल्टी की समस्या से लेकर खोया सामान ढूंढने तक सब हुआ आसान