200 सेकेंड में किया 10,000 साल का काम, क्वांटम कंप्यूटिंग की सफलता पर गूगल का दावा

गूगल के शोधकर्ताओं ने एक ऐसा क्वांटम कंप्यूटर बनाने का दावा किया है जो दुनिया के किसी सुपर कंप्यूटर से भी तेच है। गूगल का दावा है कि स्पीड के मामले में यह कंप्यूटर दुनिया के किसी भी सुपर कंप्यूटर को पछाड़ देगा। गूगल ने इसे क्वांटम सुप्रीमेसी नाम दिया है।
गूगल के शोधकर्ताओं के मुताबिक क्वांटम सुप्रीमेसी ने महज 200 सेकेंड में वह काम पूरा किया है जिसे किसी सुपर कंप्यूटर को पूरा करने में 10 हजार साल लग जाते। वहीं गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने भी इसे बड़ी उपलब्धि बताया है।

ये भी पढ़ेंः भारत के टॉप 5 सुपर कंप्यूटर्स, एक में लगे हैं 1,500 प्रोसेसर, जानें कहां होता है इस्तेमाल
गूगल का यह कंप्यूटर 54-क्वांटम बिट पर काम करता है। इसे तैयार करने में 10 साल का लंबा वक्त लगा है। वहीं आईबीएम ने गूगल के दावे को गलत बताया है। आईबीएम का कहना है कि गूगल का दावा गलत है। सुपर कंप्यूटर इस काम को 2.5 दिन में पूरा कर सकते हैं।
बता दें कि 1980 के दशक की शुरुआत में, रिचर्ड फेनमैन ने क्वांटम कंप्यूटर को लेकर प्रस्ताव दिया था कि क्वांटम कंप्यूटर एक प्रभावी उपकरण होगा जिसके साथ भौतिकी और रसायन विज्ञान में समस्याओं को हल किया जा सकता है, हालांकि उन्होंने यह भी कहा था कि क्वांटम कंप्यूटर महंगा भी है।