पुलिसवाला रिश्वत मांगे तो इस व्हाट्सऐप नंबर पर करें शिकायत, आपकी पहचान रखी जाएगी गुप्त

सोशल मीडिया का इस्तेमाल आम आदमी तो कर ही रहा है। सरकार भी लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए व्हाट्सऐप जैसे सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर रही है। यूपी पुलिस ने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए एक व्हाट्सऐप नंबर जारी किया है जिस पर आप पुलिसकर्मियों की शिकायत कर सकते हैं, हालांकि आपके पास इसका सबूत भी होना चाहिए। इसके लिए गौतम बुद्ध नगर के एसएसपी ने व्हाट्सऐप नंबर9718767100जारी किया।
अगर कोई पुलिसवाला आपसे रिश्वत मांग रहा है या फिर अकारण ही आपको परेशान कर रहा है तो आप सबूत के साथ इस व्हाट्सऐप नंबर पर शिकायत कर सकते हैं। सबूत के तौर पर आप वीडियो, ऑडियो क्लिप या फिर फोटो भेज सकते हैं। हालांकि यह सुविधा फिलहाल केवल यूपी के गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने ही दी है। पूरे देश में यह सुविधा नहीं है।
इस नंबर को जारी करते हुुए एसएसपी डॉ. अजयपाल शर्मा ने कहा कि इस व्हाट्सऐप नंबर पर आने वाली शिकायतों पर वे खुद नजर रखेंगे। उन्होंने आगे कहा कि अगर आपको सड़क पर चेकिंग के दौरान या किसी भी तरीके से कोई पुलिसकर्मी अवैध वसूली करते दिखता है तो आप उसका वीडियो बनाकर इस नंबर पर व्हाट्सऐप कर सकते हैं।
साथ ही पासपोर्ट या अन्य वेरिफिकेशन के दौरान भी किसी प्रकार की रिश्वत या धांधली होने पर आपको वीडिया या फोटो के साथ शिकायत कर सकतेे हैं। उन्होंने कहा कि शिकायत करने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी और दोषी पाए जाने पर पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई होगी।