Cage Fight: एलन मस्क से भिड़ने की तैयारी में मेटा सीईओ मार्क जकरबर्ग! सोशल मीडिया पर दिखाई मस्कुलर बॉडी
Twitter के मालिक एलन मस्क ने हाल ही में खुद Zuckerberg को केज फाइट की चुनौती दी थी, जिसे Meta सीईओ ने स्वीकार किया था। मस्क के ट्वीट का जवाब देते हुए जकरबर्ग ने कहा था, सेंड मी लोकेशन।

विस्तार
ट्विटर के मालिक एलन मस्क और मेटा के मालिक मार्क जकरबर्ग (Mark Zuckerberg) के बीच की टक्कर गहरी होती जा रही है। हाल ही में मेटा ने ट्विटर की टक्कर में अपने नए माइक्रोब्लॉगिंग एप Threads को पेश किया है। इसके बाद दोनों टेक दिग्गज के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। हाल ही में एलन मस्क ने जकरबर्ग को केज फाइट के लिए चुनौती दी थी, जिसे मेटा सीईओ ने स्वीकार भी किया था। अब जकरबर्ग की एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर सामने आई है, जिसमें मेटा सीईओ मस्कुलर बॉडी में दिखाई दे रहे हैं।
मिक्स्ड मार्शल आर्ट (एमएमए) फाइटर इजराइल अदेसान्या (Isreal Adesanya) ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल stylebender से एक फोटो को शेयर किया है, इस फोटो में उनके साथ मेटा के सीईओ मार्क जकरबर्ग और यूएफसी चैंपियन एलेक्स वोल्कनोवस्की भी खड़े हैं। इस फोटो में मार्क जकरबर्ग के पोज देते हुए खड़ें हैं और इसमें बाइसेप्स और हल्के एब्स देखे जा सकते हैं। फोटो में 39 वर्षीय अरबपति किसी एथलीट से कम नहीं लग रहे हैं।
जकरबर्ग के साथ फोटो को अदेसान्या ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट किया है, उन्होंने जकरबर्ग को टैग भी किया। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "मार्क के साथ कोई फुगाजी नहीं। यह गंभीर सौदा है!!" फेसबुक सीईओ ने कमेंट करते हुए लिखा, "आप लोगों के साथ ट्रेनिंग लेना सम्मान की बात है!" इस फोटो को लगभग 2 मिलियन से ज्यादा लाइक मिले हैं और लोग जकरबर्ग की जमकर तारीफ कर रहे हैं।