अब चांद पर भी पहुंचेगा सामान, इस कंपनी ने किया ऐलान

चांद पर इंसान के कदम रखने के बाद से ही चांद और दूसरे ग्रहों पर बसने को लेकर चर्चाएं होती रहती हैं। ऐसे में सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी अमेजॉन के सीईओ जेफ बेजोस का चांद पर सामान पहुंचाने को लेकर एक बयान सामने आया है।
वॉशिंगटन पोस्ट में छपी एक खबर के मुताबिक जेफ ने कहा है कि दूसरे ग्रहों पर बसने को लेकर लोगों में दिनों दिन रोमांच बढ़ रहा है। ऐसे में उन्हें वहां रहने के लिए सामान की भी जरूरत पड़ेगी। इस सिलसिले में अमेजन एक अच्छे डिलिवरी सिस्टम का अहम रोल अदा करेगा।
रिपोर्ट के मुताबिक बेजोस ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि 2020 तक नासा दूसरे ग्रहों पर सामान भेजने के लिए प्राइवेट सेक्टर की ओर रुख करेगी। जिसके लिए नासा इस क्षेत्र में प्राइवेट सेक्टर को बढ़ावा देगी।

रिपोर्ट में ब्लू मून के बारे में भी जानकारी दी गई है। यह प्रोजेक्ट ब्लू ऑरिजिन का है, जिसके सीईओ भी जेफ बेजोस है। ब्लू ऑरिजिन एक प्राइवेट स्पेस ट्रेवल कंपनी है।
जानकारी के अनुसार ब्लू मून व्हीकल 10 हजार पाउंड का सामान चंद्रमा पर ले जाएगी। जो चंद्रमा के सनी साउथ पोल उतारा जाएगा। सनी साउथ पोल पर समान उतारने के कारण अंतरिक्षयान सुर्य की रोशनी से चार्ज होता रहेगा। चांद की सतह पर पहुंचने के बाद रोबॉटिक रोवर की मदद से सामान को डिलिवर करेगा।
वॉशिंगटन पोस्ट की खबर में यह भी कहा गया है कि ब्लू मून की रिपोर्ट नासा और डोनाल्ड ट्रंप की ट्रांजिशन टीम को भी भेजी गई है। जिसमें चांद पर सामान ले जाने की पूरी जानकारी विस्तार से दी गई है।