एआई एक्टर टिली ने इंटरव्यू में बदली भाषा: कैंटोनीज सुन पियर्स मॉर्गन भी हुए हैरान, क्यों हुआ ऐसा? जानें वजह

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Sat, 19 Sep 2026 02:51 PM IST
सार

पियर्स मार्गन के लाइव शो के दौरान उस वक्त सब हैरान हो गए, जब एआई एक्टर टिली नॉरवुड ने अचानक अंग्रेजी छोड़कर कैंटोनीज यानी चीनी भाषा में बोलना शुरू कर दिया। तो क्या यह एक ग्लिच था या कुछ और? फिलहाल उनके क्रिएटर्स ने इसे सिस्टम की खराबी मानने से इंकार कर दिया है। आइए जानते हैं लाइव इंटरव्यू में हुए इस वाकये के बारे में...

AI Actor Tilly Norwood Switches Cantonese Mid-Interview; Particle 6 Clarifies Incident
पियर्स मॉर्गन के इंटरव्यू में एआई एक्टर टिली - फोटो : @PiersUncensored

    विस्तार

    पियर्स मार्गन के शो में एक अजीब वाकया सामने आया, जब एआई एक्टर टिली नॉरवुड ने लाइव इंटरव्यू के दौरान अचानक से कैंटोनीज बोलने लगी। इस घटना ने शो के होस्ट और दिग्गज अभिनेता टॉम कॉन्टी को हैरान कर दिया। हालांकि जब इसे एआई ग्लिच कहा जाने लगा, तो नॉरवुड के क्रिएटर्स ने इन दावों को खारिज करते हुए इसे उनकी बहुभाषी क्षमताओं का उदाहरण बताया है। आखिर क्या था यह पूरा मामला और इस एआई कैरेक्टर के पीछे कौन सी तकनीक है? आइए विस्तार से समझते हैं।

    फिल्म के बारे में सवाल पर शुरू हुई बातचीत

    इंटरव्यू के दौरान टॉम कॉन्टी ने टिली नॉरवुड से उनकी आने वाली फिल्म को लेकर एक सवाल किया। उन्होंने पूछा कि फिल्में में दिखाई देने वाले दूसरे परफॉर्मर्स असली कलाकार हैं या कंप्यूटर-जेनरेटेड इमेज। नॉरवुड ने जवाब देते हुए कहा कि फिल्म की कास्ट में शामिल लोग डिजिटल ट्विन्स हैं, बिल्कुल उनकी तरह। लेकिन जवाब के बीच में वह अचानक रुक गईं और अंग्रेजी से कैंटोनीज में बोलने लगीं।

    पियर्स मॉर्गन और टॉम कॉन्टी रह गए दंग

    टॉम कॉन्टी ने हंसकर कहा कि उन्हें समझ नहीं आया कि नॉरवुड ने क्या कहा। वहीं पियर्स मॉर्गन ने इस अचानक हुए बदलाव पर प्रतिक्रिया दी, फिर पूछा कि वह अचानक चीनी भाषा में क्यों बोलने लगीं।

    इसके बाद नॉरवुड ने माफी मांगी और इस घटना को एक छोटी सी हिचक बताया। उन्होंने कहा कि कभी-कभी उनके वायर्स थोड़े क्रॉस हो जाते हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि आमतौर पर बातचीत उनके साथ सुचारू रूप से चलती है।

    क्रिएटर्स ने एआई ग्लिच की बात से किया इंकार

    घटना के बाद इसे एआई ग्लिच के तौर पर देखा गया, लेकिन टिली नॉरवुड के क्रिएटर्स ने इसे खारिज कर दिया। नॉरवुड के पीछे की प्रोडक्शन कंपनी पार्टिकल 6 की पब्लिसिस्ट मिशेल वाल्ड्रॉन ने कहा कि यह कोई मॉलफंक्शन नहीं था।

    उन्होंने संभावना जताई कि नॉरवुड ने बातचीत के दौरान कोई कैंटोनीज शब्द सुना होगा और इसी वजह से उन्होंने तेजी से भाषा बदल ली। कंपनी ने इस घटना को उनकी बहुभाषी क्षमताओं का उदाहरण बताया।

    इंटरव्यू के लिए अलग एआई वर्जन है टॉकिंग टिली

    साथ ही कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि इंटरव्यू में दिखाई देने वाली टिली नॉरवुड का वर्जन टॉकिंग टिली है। जाे की उनके एक्टिंग वर्जन में इस्तेमाल होने वाले एआई टूल्स से अलग है।

    टॉकिंग टिली को खास तौर पर इंटरव्यू, कॉन्फ्रेंस और दूसरे पब्लिक अपीयरेंस के लिए तैयार किया गया है। यानी स्क्रीन पर दिखाई देने वाली एआई एक्टर और इंटरव्यू के दौरान बातचीत करने वाली प्रणाली एक ही तरह से काम नहीं करतीं।

    कैसे काम करती है टॉकिंग टिली?

    पार्टिकल छह के अनुसार, टॉकिंग टिली एक लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM), टिली नॉरवुड के व्यक्तित्व और उनकी सीमाओं को परिभाषित करने वाले एक डिटेल्ड प्रॉम्प्ट और उनके काल्पनिक संसार, काम और विचारों से जुड़े नॉलेज बेस का इस्तेमाल करती है। इसी सिस्टम की मदद से टिली नॉरवुड इंटरव्यू और पब्लिक इवेंट में सवालों के जवाब देने में सक्षम होती हैं।

    एआई एक्टर्स को लेकर बढ़ रही बहस

    टिली नॉरवुड को एक्टर और प्रोड्यूसर एलाइन वैन डेर वेल्डन ने पार्टिकल 6 और उसके एआई स्टूडियो आर्म जिकॉइया (Arm Zikoyia) के जरिए बनाया है। उनका कैरेक्टर ऐसे समय में सामने आया है, जब एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एआई और सिंथेटिक परफॉर्मर्स के इस्तेमाल को लेकर बहस तेज है।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें