निवेशकों को जुकरबर्ग का जवाब, कहा- फिलहाल इस्तीफा देने की योजना नहीं

फेसबुक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मार्क जुकरबर्ग ने मंगलवार को कहा कि उनकी इस्तीफा देने की फिलहाल कोई योजना नहीं है। दुनिया की सबसे बड़ी सोशल नेटवर्किंग कंपनी के लिए यह साल काफी परेशानियां वाला रहा है। जुकरबर्ग ने सीएनएन बिजनेस से कहा, ‘‘इस्तीफा देने की कोई योजना नहीं है।’’ उनसे पूछा गया था कि क्या वह चेयरमैन पद से हटने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने फेसबुक की मुख्य परिचालन अधिकारी शेरिल सैंडबर्ग का भी बचाव किया। हालिया संकट से सही तरीके से नहीं निपटने के लिए सैंडबर्ग की आलोचना हो रही है।
जुकरबर्ग ने कहा, ‘‘शेरिल कंपनी का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। वह कई बड़े मुद्दों पर कंपनी के प्रयासों को आगे बढ़ा रही हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘शेरिल दस साल से मेरे लिए महत्वपूर्ण भागीदार हैं। मैं उनके काम से काफी गर्व महसूस करता हूं। मुझे उम्मीद है कि हम आगे भी कई दशकों तक साथ काम करते रहेंगे।’’
ये भी पढ़ेंः जियो ने अपने ग्राहकों को दिया बड़ा तोहफा, आज तक किसी ने नहीं दी यह सेवा
गौरतलब है कि न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी एक रिपोर्ट में खुलासा किया था कि फेसबुक ने गूगल और ऐप्पल के विरुद्ध लेख लिखने के लिए अमेरिकी पीआर फर्म की मदद की थी। इस रिपोर्ट के आने के बाद से ही मार्क जुकरबर्ग की परेशानी बढ़ गई है। फेसबुक के निवेशकों ने उन पर पद छोड़ने का दबाव डाला है। रिपोर्ट छपने के बाद फेसबुक में बड़ी हिस्सेदारी रखने वाले जोनास क्रॉन ने कहा है कि जुकरबर्ग का पद छोड़ना जरूरी है।
ये भी पढ़ेंः आधार में मोबाइल नंबर कैसे अपडेट करें, जानें पूरा प्रोसेस
जोनास क्रॉन ने कहा, फेसबुक ऐसा व्यवहार कर रहा है जैसे वह खास है जबकि ऐसा नहीं है, क्योंकि यह एक कंपनी है और एक कंपनी के तौर पर उसके चेयरमैन और सीईओ अलग-अलग होने जरूरी हैं। एक प्रेस वार्ता में जुकरबर्ग ने कहा कि उन्हें पीआर फर्म डिफायनर्स पब्लिक अफेयर्स के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने सफाई दी कि रिपोर्ट पढ़ने के बाद मेरी फोन पर अपनी टीम से बात हुई और अब हम इस फर्म के साथ काम नहीं कर रहे हैं।