Android Smartphones: एंड्रॉयड यूजर्स पर मंडरा रहा डर्टी स्ट्रीम अटैक का खतरा, जानें कैसे करें बचाव
अगर आप एंड्रॉयड स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते हैं तो आपको सावधान होने की जरूरत है। दरअसल माइक्रोसॉफ्ट ने एक नए खतरे की खोज की है। रिपोर्ट में यूजर्स को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। जानें इससे बचने के टिप्स।

विस्तार
स्मार्टफोन में नए-नए एप्स और नई-नई तकनीक से लोगों का काम जहां आसान हो जाता है। वहीं, दूसरी तरफ, एंड्रॉयड यूजर्स पर साइबर हमले का खतरा बना रहता है। जी हां, सरकार और गूगल अक्सर एंड्रॉयड यूजर्स के लिए अलर्ट जारी करती रहती है। ऐसे में एक बार फिर एंड्रॉयड यूजर्स पर बड़ा हमला हो सकता है। दरअसल माइक्रोसॉफ्ट ने एंड्रॉयड एप्स में एक बड़ी खामी खोजी है। एंड्रॉयड यूजर्स की सुरक्षा में सेंध को डर्टी स्ट्रीम अटैक नाम दिया गया है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि डर्टी स्ट्रीम अटैक एंड्रॉयड यूजर्स के कई एप्स में मैलवेयर का प्रभाव डाल सकता है। इस वजह से ये कई लोकप्रिय एप्स का एक्सेस ले सकता है। साथ ही यूजर्स की संवेदनशील जानकारी हासिल कर सकता है। रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि हालिया जांच में एक खास तरह का पैटर्न तलाशा गया है, जो डिवाइस की क्षमता को गुमराह करके हैकर्स को डिवाइस का एक्सेस दे सकता है। डर्टी स्ट्रीम अटैक के जरिए हैकर्स एंड्रॉयड एप्स को हैक करके डिवाइस का गलत फायदा उठा सकते हैं।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि गूगल प्ले स्टोर के कई एप्स में खामी पाई गई है। आगे कहा गया है कि इस समस्या से बचने का एक ही तरीका है कि इन एप्स को अपडेट करना होगा। आगे जानिए एंड्रॉयड यूजर्स अपने डिवाइस को किस तरह से सुरक्षित कर सकते हैं।
- अपने डिवाइस को किसी भी मैलवेयर से बचाने के लिए डिवाइस में इंस्टॉल डिवाइस को सिर्फ गूगल प्ले स्टोर के जरिए ही अपडेट करें।
- किसी एप को इंस्टॉल या उसे अपडेट करते वक्त इस बात का ध्यान रखें कि वह एप गूगल प्ले स्टोर की सुरक्षा प्रणाली से सही तरीके से गुजरा हो। उस एप को गूगल प्ले स्टोर पर स्कैन और वायरस से सुरक्षा मिली हुई होनी चाहिए।
- अपने डिवाइस को किसी भी मैलवेयर या हैकिंग से बचाने के लिए थर्ड पार्टी एप की मदद ले सकते हैं। ऐसे एप्स की सहायता लें, जो डिवाइस को वायरस और हैकिंग से बचाने में कारगर हो।
- अपने एंड्रॉयड डिवाइस को सेफ करने के लिए ऑपरेटिंग सिस्टम यानी ओएस के नए अपडेट से लैस रखें। साथ ही कंपनी द्वारा लेटेस्ट सुरक्षा पेच को भी अपने डिवाइस में अपडेट रखें।