WhatsApp: व्हाट्सएप ने भारत में लगभग 1 करोड़ अकाउंट्स किए बैन, जानें क्यों उठाया यह सख्त कदम
भारत में WhatsApp को IT एक्ट के तहत हर महीने अपनी रिपोर्ट जारी करनी होती है। इसमें वह अपने यूजर्स को सुरक्षित अनुभव देने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देता है।

विस्तार
WhatsApp Account Ban:
इंस्टैंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने अपनी ताजा मंथली रिपोर्ट में बड़ा खुलासा किया है। कंपनी ने बताया कि जनवरी 2025 में उसने 99.67 लाख से ज्यादा अकाउंट्स को बैन कर दिया है। यह कार्रवाई बढ़ते स्पैम, स्कैम और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए की गई है। मेटा के स्वामित्व वाली इस ऐप ने साफ किया है कि अगर कोई यूजर नियमों का उल्लंघन करेगा, तो आगे भी ऐसे अकाउंट्स को ब्लॉक किया जाएगा।
WhatsApp को हर महीने देनी होती है रिपोर्ट
भारत में WhatsApp को IT एक्ट के तहत हर महीने अपनी रिपोर्ट जारी करनी होती है। इसमें वह अपने यूजर्स को सुरक्षित अनुभव देने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देता है। कंपनी के मुताबिक, 1 जनवरी से 30 जनवरी 2025 तक कुल 99.67 लाख अकाउंट्स बैन किए गए। इनमें से 13.27 लाख अकाउंट्स ऐसे थे, जिन्हें किसी भी शिकायत से पहले ही ब्लॉक कर दिया गया था।
यह भी पढ़ें: AI In Courts: सुप्रीम कोर्ट में भी एआई की एंट्री, 18 भाषाओं में फैसले होंगे ट्रांसलेट
इसके अलावा, WhatsApp को जनवरी में 9,474 यूजर शिकायतें मिलीं, जिनमें से 239 पर कार्रवाई करते हुए कंपनी ने अकाउंट्स ब्लॉक किए और अन्य सुरक्षा उपाय अपनाए।
WhatsApp तीन तरीकों से करता है अकाउंट्स बैन
WhatsApp ने बताया कि उसके पास तीन लेयर वाला सिक्योरिटी सिस्टम है, जिससे वह संदिग्ध अकाउंट्स की पहचान कर उन्हें ब्लॉक कर सकता है।
1. साइन-अप के दौरान स्कैनिंग
– जब कोई नया अकाउंट बनता है, तो WhatsApp का सिस्टम संदिग्ध गतिविधियों को स्कैन कर उसे तुरंत बैन कर सकता है।
2. स्पैम और बल्क मैसेज डिटेक्शन
– अगर कोई अकाउंट बार-बार स्पैम या बल्क मैसेज भेजता है, तो यह सिस्टम उसे ऑटोमैटिकली ब्लॉक कर देता है।
3. यूजर फीडबैक पर कार्रवाई
– अगर कोई यूजर किसी अकाउंट की शिकायत करता है, तो WhatsApp टीम उसकी जांच कर ब्लॉक करने का फैसला लेती है।
ये गलतियां कीं तो अकाउंट होगा बैन
अगर कोई यूजर WhatsApp की पॉलिसी का उल्लंघन करता है, तो उसका अकाउंट ब्लॉक किया जा सकता है। बल्क या स्पैम मैसेज भेजने, फेक न्यूज या अफवाह फैलाने और स्कैम जैसी गतिविधियों में शामिल होने पर WhatsApp बिना किसी चेतावनी के अकाउंट ब्लॉक कर सकता है।