Password: एंड्रॉयड फोन का पासवर्ड या पैटर्न भूल गए हैं? सर्विस सेंटर के चक्कर काटने की जगह घर बैठे करें अनलॉक

Suyash Pandey
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीSuyash Pandey
Wed, 15 Apr 2026 01:07 PM IST
सार

Unlock Android Phone Forgot Password:

क्या आप अपने एंड्रॉयड फोन का पासवर्ड या पैटर्न भूल गए हैं और फोन लॉक हो गया है? तो घबराने की और किसी सर्विस सेंटर के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। इस लेख में हम आपको Google 'Find My Device' से लेकर 'Factory Reset' तक के वो 4 आसान और सुरक्षित तरीके बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप घर बैठे ही अपना स्मार्टफोन अनलॉक कर सकते हैं।

विज्ञापन
If you forgot android phone password or pattern this is how you can unclock your phone
लॉक हुए एंड्रॉयड फोन को ऐसे करें अनलॉक (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : एक्स

    विस्तार

    अक्सर हम जल्दबाजी में या कोई नया पासवर्ड या पैटर्न लगाने के बाद हम उसे भूल जाते हैं। या कई बार घर में छोटे बच्चे ऐसा पासवर्ड या पैटर्न लगा देते हैं जो उन्हे याद नहीं होता और फोन लॉक हो जाता है। इसके बाद समझ नहीं आता कि अब क्या करें। लेकिन आपको घबराने या तुरंत सर्विस सेंटर भागने की जरूरत नहीं है। अगर आपके पास एंड्रॉयड स्मार्टफोन है तो आप घर बैठे कुछ आसान तरीकों से अपने फोन का लॉक खोल सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे:

    तरीका 1: गूगल 'Find My Device' के जरिए फोन अनलॉक करना

    अगर आप गूगल 'Find My Device' के जरिए अपना फोन अनलॉक करना चाहते हैं तो यह सबसे आसान और प्रभावी तरीका है, बशर्ते आपके लॉक हुए फोन में इंटरनेट ऑन हो। इसे इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले किसी दूसरे फोन या कंप्यूटर के ब्राउजर में जाकर google.com/android/find खोलें और वहां उसी गूगल अकाउंट से लॉगिन करें, जो आपके लॉक हुए फोन में पहले से मौजूद है।

    विज्ञापन

    लॉगिन प्रक्रिया पूरी होते ही आपको स्क्रीन पर अपने फोन की लोकेशन और कुछ विकल्प दिखाई देने लगेंगे। यहां आपको 'Erase Device' के विकल्प को चुनना होगा। जैसे ही आप इसे कंफर्म करेंगे, आपके फोन का सारा डेटा और लॉक स्क्रीन पूरी तरह डिलीट हो जाएगी। इसके बाद आपका फोन एक नए डिवाइस की तरह रीस्टार्ट होकर अनलॉक हो जाएगा।

    विज्ञापन
    विज्ञापन

    तरीका 2: सैमसंग यूजर्स के लिए 'SmartThings Find' का इस्तेमाल करना

    सैमसंग गैलेक्सी स्मार्टफोन यूजर्स के लिए 'SmartThings Find' एक वरदान से कम नहीं है, जो फोन लॉक होने की स्थिति में एक खास सुविधा देता है। इसे इस्तेमाल करने के लिए आपको किसी दूसरे डिवाइस के ब्राउजर पर smartthingsfind.samsung.com वेबसाइट को ओपन करना होगा और वहां अपने सैमसंग अकाउंट की डिटेल्स डालकर लॉगिन करना होगा।

    लॉगिन करने के बाद डैशबोर्ड पर आपको 'Unlock' या 'Erase data' जैसे विकल्प दिखाई देंगे, जिन्हें चुनकर आप घर बैठे ही रिमोटली अपने फोन की लॉक स्क्रीन को हटा सकते हैं और उसे दोबारा इस्तेमाल कर सकते हैं।

    तरीका 3: 'Factory Reset' बटन के जरिए (जब कोई और तरीका काम न आए)

    जब ऊपर बताए गए तरीके काम न आएं या आपके फोन में इंटरनेट बंद हो तो 'Factory Reset' यानी रिकवरी मोड का इस्तेमाल करना आखिरी और सबसे कारगर रास्ता बचता है। हालांकि ध्यान रहे कि इससे आपके फोन का सारा डेटा डिलीट हो जाएगा। इस प्रक्रिया के लिए सबसे पहले अपने फोन को पूरी तरह पावर ऑफ कर लें, फिर 'Power Button' और 'Volume Down' (या कुछ मॉडल्स में Volume Up) को एक साथ तब तक दबाकर रखें जब तक कि स्क्रीन पर कंपनी का लोगो दिखाई न देने लगे।

    लोगो दिखते ही बटनों को छोड़ दें, जिसके बाद आपके सामने एक रिकवरी मेन्यू आ जाएगी। यहां टच काम नहीं करेगा, इसलिए विकल्पों के बीच ऊपर-नीचे जाने के लिए वॉल्यूम बटन और किसी विकल्प को चुनने के लिए पावर बटन का उपयोग करें। अब मेन्यू में 'Wipe data/factory reset' पर जाएं और इसे सिलेक्ट करने के बाद 'Factory data reset' पर क्लिक करके कंफर्म कर दें। बस कुछ ही मिनटों में आपका फोन पूरी तरह फॉर्मेट हो जाएगा और उसका लॉक हमेशा के लिए टूट जाएगा।

    तरीका 4: पुराने स्मार्टफोन्स के लिए (एंड्रॉयड 4.4 या उससे पुराने)

    अगर आपका फोन काफी पुराना है तो कई बार गलत पैटर्न डालने पर स्क्रीन के नीचे 'Forgot pattern' का विकल्प आ जाता है। इस पर टैप करें और अपने गूगल अकाउंट का आईडी-पासवर्ड डालकर फोन को आसानी से अनलॉक कर लें।

    फैक्ट्री रिसेट करने से पहले जरूरी बात

    एक सबसे जरूरी बात जिसे आपको हमेशा ध्यान में रखना चाहिए वह यह है कि फैक्ट्री रिसेट करने से आपके फोन का सारा डेटा, जैसे कि फोटो, वीडियो और कॉन्टैक्ट्स, पूरी तरह डिलीट हो जाएगा। इसके बाद सिर्फ वही डेटा बचेगा जिसका आपने पहले से गूगल ड्राइव पर बैकअप लिया हुआ है। इसके अलावा, सुरक्षा के लिहाज से एक और महत्वपूर्ण बात यह है कि रिसेट होने के बाद जब फोन दोबारा चालू होगा तो वह आपसे वही पुराना गूगल अकाउंट और पासवर्ड मांगेगा जो लॉक होने से पहले उसमें लॉगिन था, इसलिए उस क्रेडेंशियल को याद रखना आपके लिए बेहद जरूरी है।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें