अब कभी भी खरीद सकेंगे RedMi 5, नहीं करना पड़ेगा फ्लैश सेल का इंतजार

Xiaomi ने अमेजॉन, फ्लिपकार्ट और एमआई.कॉम पर फैन फेस्टिवल शुरू किया था जो आज खत्म हो रहा है। इस फेस्टिवल में शाओमी के स्मार्टफोन पर भारी छूट दी गई, वहीं इसी बीच कंपनी ने बड़ा ऐलान किया है। Gadgets 360 की रिपोर्ट के मुताबिक शाओमी का हाल ही में भारत में लॉन्च हुआ रेडमी 5 अब कभी भी अमेजॉन और Mi.com से खरीदा जा सकेगा। फोन के सभी वेरियंट अब हमेशा बिना फ्लैश सेल के उपलब्ध रहेंगे। फोन के साथ जियो की ओर से 2,200 रुपये का कैशबैक भी दिया जा रहा है।
रेडमी 5 की कीमत और स्पेसिफिकेशन

इस फोन के फीचर्स की बात करें तो इसमें 5.7 इंच की एचडी+ डिस्प्ले है जिसका आस्पेक्ट रेशियो 18:9 है। इसके अलावा यह फोन 2GB/16GB, 3GB/32GB और 4GB/64GB के स्टोरेज वेरियंट में मिलेगा जिनकी कीमत क्रमशः 7,999 रुपये, 8,999 रुपये और 10,999 रुपये है।
इस फोन में क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन ऑक्टाकोर 450 प्रोसेसर, 3300 एमएएच की बैटरी और कनेक्टिविटी के लिए इसमें 4जी वीओएलटीई, वाई-फाई 802.11 बी/जी/एन, ब्लूटूथ वी4.2, जीपीएस/ए-जीपीएस और 3.5 एमएम ऑडियो जैक शामिल हैं। फोन के कैमरे की बात करें तो इसमें 12 मेगापिक्सल का रियर और 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है। फ्रंट कैमरे के साथ ब्यूटी मोड और फेस डिटेक्शन फीचर भी दिया गया है।